दौसा। स्वच्छता का संदेश देने के नाम पर राजस्थान के दौसा जिले में एक स्कूली बच्चे से अमानवीयता का मामला प्रकाश आया है। यह घटना दौसा जिले के देलाड़ी गांव के सीनियर सेकेंडरी स्कूल का है जहां मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी(CDEO) और स्कूल के टीचर्स ने अमानवीयता की हद पार करते हुए इस स्कूल में बच्चा नहा कर नहीं गया तो अधिकारियों ने भरी ठंड में उसके कपड़े उतरवाकर स्कूल में ही ठंडे पानी से नहला दिया। बच्चा ठंडे पानी के कारण धूजता रहा, लेकिन CDEO और स्कूल के टीचर खड़े-खड़े हंसते रहे और वीडियो बनाते रहे। इसका वीडियो सामने आने के बाद CDEO ने सफाई दी है कि वे स्वच्छता का मैसेज दे रहे थे।
दरअसल, CDEO ओमप्रकाश शर्मा व समग्र शिक्षा में सहायक निदेशक राजीव शर्मा ने 17 फरवरी काे सुबह 11 से 12 बजे के बीच स्कूल का निरीक्षण करने आये थे। इस दाैरान अधिकारी चौथी क्लास में पहुंचे। यहां उन्होंने बच्चों से पूछा कि कौन नहाकर नहीं आया है? इस पर 9 साल के बच्चे ने बताया कि आज वो नहाकर नहीं आया। इस पर CDEO शर्मा उसे क्लास से बाहर लेकर आए और सभी के सामने कपड़े उतरवा दिए और स्कूल में बने हौद के ठंडे पानी से उसे नहला दिया।
पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में CDEO शर्मा खुद जग से बच्चे के सिर पर पानी डालते दिखाई दे रहे हैं। यहां एक महिला टीचर के साथ 5 से 7 टीचर भी खड़े हैं। जो वीडियो बना रहे थे।जब बच्चा ठंडे पानी में धूज रहा था तो सभी टीचर हंस रहे थे।
मामले को तूल पकड़ता देख सीडीईओ ओमप्रकाश शर्मा ने सफाई देते हुए कहा कि इन दिनों प्रदेश भर के स्कूलों में स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार अभियान चल रहा है। ऐसे में स्कूलों के निरीक्षण के दौरान प्रतीकात्मक रूप से मैसेज देने के लिए बच्चे काे गंदा व बिना नहाए देख नहला दिया , अन्यथा नहीं लिया जाए। इस बीच प्रकरण का पता जिला कलेक्टर को चला तो उन्होंने CDEO से रिपोर्ट मांगी है। कलेक्टर ने कहा कि उसके बाद कार्रवाई पर विचार करेंगे।
