नागौर (मेड़ता) : तेज रफ्तार कार ने एक व्यक्ति को ऐसी टक्कर मारी कि वह हवा में करीब 8 फीट उछलकर सड़क पर गिर गया। गनीमत रही कि इस खतरनाक हादसे के बाद भी युवक की जान बच गई। वहीं कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। इस घटना का अब वीडियो भी सामने आया है। घटना नागौर जिले के मेड़ता शहर स्थित नागौर चौकी की है।
मेड़ता शहर के रहने वाले सुरेश कुमार दिवाकर (52) भजन संध्या में गए थे। शनिवार सुबह 6 बजे पैदल ही घर जा रहे थे। इस दौरान सड़क क्रॉस करते समय स्पीड में आई कार ने दिवाकर को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दिवाकर हवा में करीब 8 फीट तक उछला और सड़क पर जा गिरा। हादसे के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। जबकि सुरेश कुमार को आस-पास के लोगों ने हॉस्पिटल पहुंचाया।
टक्कर के बाद ड्राइवर ने अचानक से ब्रेक लगा दिए। इस वजह से उनकी जान बच गई। यदि ब्रेक नहीं लगता तो कार युवक के ऊपर से गुजर जाती। हादसे के बाद लोगों ने सुरेश कुमार को मेड़ता हॉस्पिटल पहुंचाया।
