टोंक : सीएम अशोक गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम में चल रही सियासी खींचतान के बीच उनियारा विधायक हरीश चंद्र मीना का बड़ा बयान सामने आया है। इसको लेकर प्रदेश की सियासत में नया मुद्दा खड़ा कर दिया है। देवली में पायलट समर्थक विधायक मीना से पूछे गए सवाल में आप सीएम गहलोत के साथ है या फिर सचिन पायलट के साथ है पर बोले कि मैं किसी (सीएम और पूर्व डिप्टी सीएम) के साथ नहीं हूं। मैं मेरी जनता के साथ हूं।
सीएम अशोक गहलोत के दिल्ली आलाकमान के पास जाने के मामले में विधायक हरीश चंद्र मीना ने कहा कि मुझे इस मामले को जानकारी नहीं है, मुझे तो मेरी जनता ने बुलाया है। इसलिए मैं गुरुवार से ही मेरे विधानसभा क्षेत्र में हूं। दिल्ली में राजस्थान को लेकर क्या चल रहा है, मंत्रिमंडल विस्तार में किसको मंत्री बनाया जा रहा है या नहीं। इन सब के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। जिस बात का पता नही हो, उस पर बात करने से कोई मतलब नहीं है।
गौरतलब है कि गुरुवार से ही उनियारा विधायक हरीश चंद्र मीना दो दिवसीय दौरे पर विधानसभा क्षेत्र में आए हुए हैं। देवली में एक कार्यक्रम में शुक्रवार को मीना ने शिरकत की है। उन्होंने सीएम गहलोत व पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट के बीच चल रहे राजनीतिक द्वंद को लेकर अपने मन की बात कहीं है। उनके इस बयान से राजनीतिक गलियारों में कई तरह कयास लगाए जा रहे हैं। अधिकांश लोग उनके इस बयान को वर्तमान परिपेक्ष में दोनों ही नेताओं से संतुष्ट नहीं होने के रूप में देख रहे है। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हो रही देरी पर उनकी नाराजगी साफ देखी गई है।
