धौलपुर : बुखार आने पर डॉक्टर को दिखाने गए टीचर की सड़क हादसे में मौत हो गई। अज्ञात वाहन चालक बाइक को टक्कर मारकर भाग गया। यह हादसा आगरा से लौटते समय हुआ। मृतक धौलपुर के दिहौली थाना क्षेत्र का रहने वाला था। दिहौली थाना प्रभारी बीधराम अंबेश ने बताया कि सड़क हादसे में सहजपुर गांव के रहने वाले हरिओम (35) पुत्र हुकुम सिंह की मौत हो गई। वह राजकीय प्राथमिक स्कूल भगपुरा में टीचर थे। मृतक के भाई लक्ष्मण सिंह ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि टीचर बुखार आने पर रविवार सुबह बाइक से आगरा डॉक्टर को दिखाने के लिए गया था। रात को वापस घर लौटते समय इंद्रावली मोड पर अज्ञात वाहन चालक टक्कर मारकर भाग गया। मरैना कस्बे के लोग घायल को धौलपुर के जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे और उसके घरवालों को सूचना दी। डॉक्टरों ने घायल को मृत घोषित कर दिया। मृतक का भाई लक्ष्मण सिंह और पुलिस अस्पताल पहुंची। पोस्टमार्टम के बाद शव भाई को सौंप दिया गया। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर तलाश कर रही है।