प्रतापगढ़: प्रतापगढ़ में एक ट्रक ने बाइक सवार चाचा-भतीजे को रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के दौरान भतीजे का शव टायर में फंस गया था। इसके बाद भी ड्राइवर 2 किलोमीटर तक उसे घसीटता रहा। इधर, हादसे की सूचना मिलते ही लोग घटना स्थल पर पहुंचे और ट्रक को आग लगा दी। इसके साथ रास्ता भी जाम कर दिया। देर रात एएसपी मौके पर पहुंचे और समझाइश के बाद रास्ता खुलवाया। घटना बुधवार देर रात 1 बजे प्रतापगढ़-चितौड़गढ़ रोड की है। चाचा शंकरलाल (36) और रमेश (34) प्रतापगढ़ के मानपुरा में ही एक शादी समारोह से चौकड़ी गांव जा रहे थे। तभी बगवास के पास मोड पर ट्रक ने बाइक सवार चाचा-भतीजे को टक्कर मार दी। हादसे में शंकरलाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि भतीजे रमेश को ट्रक ड्राइवर करीब 2 किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इस हादसे में उसका शव टायर में बुरी तरह से फंस गया। हादसे के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मृतकों की पहचान की। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे। टायर में फंसे शव को ग्रामीणों ने बाहर निकाला। इसके बाद ट्रक पर पथराव करते हुए शीशे तोड़ दिए और आग लगा दी।
सुबह तक ट्रक से निकलता रहा धुंआ
घटना के बाद एएसपी चिरंजीलाल भी मौके पर पहुंचे और करीब घटना के एक घंटे बाद जाम को खुलवाया गया। इस दौरान मुख्य मार्ग एनएच 113 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार के साथ जाम लगा रहा। ट्रक में आग लगने से ट्रक पूरी तरह से जलकर राख हो गया। साथ ही ट्रक की चपेट में आई बाइक भी जलकर राख हो गई। सुबह तक ट्रक में से धुंआ निकलता रहा। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने ट्रक ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।
