सीकर : रात ढाई बजे एक ढाबे पर खाना खा रहे जयपुर कमिश्नरेट में पश्चिम जिले के डीएसटी टीम प्रभारी इंस्पेक्टर नरेंद्र खींचड़ की कार कुछ बदमाश फायरिंग कर लूट ले गए। इससे पहले बदमाशों ने इंस्पेक्टर से कार की चाबी मांगी थी। इसका हेड कांस्टेबल मनेंद्र सिंह ने विरोध किया। इसके बाद बदमाश ने मनेंद्र को गोली मार दी। सूचना के बाद रानोली थाना पुलिस और स्पेशल टीम को बदमाशों को पकड़ने के लिए लगाया गया है।
एसपी कुंवर राष्ट्रदीप ने बताया कि देर रात की घटना के लिए नाकाबंदी करवा दी गई है। बदमाशों की जानकारी जुटाई जा रही है। उनके पहचान करने के लिए लोगों से पूछताछ की जा रही है। वहीं हेड कांस्टेबल मनेंद्र सिंह को गोली लगने के बाद जयपुर ले जाया गया है। जहां उनकी हालत में सुधार है।
नागौर और सीकर के बदमाश होने की संभावना
बदमाशों की सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के हाथ लगी है। उसके आधार पर पुलिस टीमें उनका पीछा कर रही हैं। रात को ही एसपी मौके पर पहुंचे। फिलहाल नागौर और सीकर के बदमाश होने की जानकारी सामने आ रही है। गोली लगने के बाद हेड कांस्टेबल मनेंद्र सिंह को पहले सीकर के एसके अस्पताल लाया गया, लेकिन सर्जरी को देखते हुए जयपुर रैफर कर दिया गया।
बदमाशों की जानकारी जुटाने गए थे अफसर
वारदात के बाद बदमाश सीकर की तरफ कार ले गए और बीकानेर की तरफ भाग गए। डीसीपी प्रदीप मोहन शर्मा ने बताया कि बदमाशों का धरपकड़ अभियान चल रहा है। इसके तहत डीएसटी कुछ बदमाशों के सुराग लगाने में जुटी थी। नरेंद्र खींचड़ और मनेंद्र भी इसी सिलसिले में सीकर गए हुए थे। रात को कुछ खाने के लिए रानोली के नजदीक चाय की दुकान पर बैठकर खा पी रहे थे। बदमाशों ने हेड कांस्टेबल मनेंद्र को गोली मार दी। इसके बाद एक बदमाश कार की चाबी लेकर चला गया। उधर, नरेंद्र खींचड़ पर भी बदमाश ने पिस्तौल तान दी थी, लेकिन कार स्टार्ट होने के कारण उसको मारने से पहले ही बैठकर फरार हो गया। आसपास के लोगों से बदमाशों के बारे में पुलिस को इनपुट मिला है।
