बूंदी: जिले के इंद्रगढ़ थाना क्षेत्र के लूंणावा रोड पर चलती कार में अचानक से आग लग जाने से हड़कंप मच गया। कार में सवार परिवार ने कूद कर अपनी जान बचाई। आग शॉर्ट सर्किट से लगी और देखते ही देखते कार में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
सूचना मिलने पर इंद्रगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल मौके पर पहुंची जहां 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया है। पुलिस ने कार को एक साइड में करवा कर रास्ते को दुरुस्त करवाया है।
थानाधिकारी हरीश भारती ने बताया कि कोटा दोसा मेगा हाईवे के पास स्थित लुणावा रोड पर 12 बजे सूचना मिली थी कि एक नैनो कार में आग लग गई है। इस सूचना पर मौके पर पहुंचे, जहां कार में भीषण आग लगी हुई थी। मौके पर दमकल से आग पर काबू पाया गया है। कार में बारां निवासी राम प्रकाश मीणा का परिवार सवार था। जो सवाई माधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा माताजी के दर्शन करने के लिए जा रहा था। तभी वह क्षेत्र के लुनावा रोड पर पहुंचा तो यहां कार के इंजन में हुए शार्ट सर्किट से आग लग गई। परिवार के लोगों ने कार में से कूद कर अपनी जान बचाई। आग लगने के तुरंत बाद कार में रखी बैटरी में भी ब्लास्ट हो गया। जिससे आग ने तेजी पकड़ी। आग से पूरी कार जलकर राख में तब्दील हो गई।
