जयपुर: जयपुर के बीलवा स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन में बने कोविड केयर सेंटर में आज छिपकली की प्रजाति मॉनिटर लिजर्ड(गोह) दिखने से हड़कंप मच गया। कोविड सेंटर में मॉनिटर लिजर्ड मिलने से मरीजों में एकबारगी तो हड़कंप मच गया हालांकि अब उससे रेस्क्यू कर लिया गया है। क्षेत्रीय वन अधिकारी जयपुर जनेश्वर सिंह ने बताया कि बीलवा में बने कोविड केयर सेंटर में आज सुबह ये मॉनिटर लिजर्ड घूमता दिखा।
इसके बाद वहां मौजूद स्टाफ के लोगों ने हमें सूचित किया। सिविल डिफेंस और हमारी टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद इस मॉनिटर लिजर्ड को पकड़ा और एनजीओ सेंटर पर 14 दिन के क्वारेन्टाइन के लिए भिजवा दिया। खास बात ये रही कि इसे पकड़ने के दौरान वन विभाग के कर्मचारियों ने पीपीई किट भी पहन रखा था।
क्षेत्रीय वन अधिकारी ने बताया कि लिजर्ड को क्वारेन्टाइन करने के पीछे कारण उसका कोविड केयर सेंटर में जाना था। उन्होंने कहा कि कोविड सेंटर में इधर-उधर घूमने और वहां पड़े कचरे में जाने के कारण संभावना है कि यह भी संक्रमित हो जाए। इसलिए इसे झालाना के जंगलों में छोड़ने से पहले 14 दिन क्वारेन्टाइन रखा जाएगा। हालांकि इस बीच उन्होंने इस लिजर्ड की कोरोना जांच करवाने से मना कर दिया।
