जयपुर: राजस्थान में मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आज पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखने लगा है। उत्तरी राजस्थान के गंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, चूरू, सीकर और जयपुर में आज दोपहर से बादल छाने के बाद तेज आंधी चलनी शुरू हो गई। राजधानी जयपुर में दोपहर 12 बजे मौसम बदला और तेज गति से धूल-मिट्टी उड़ने लगी। देखते ही देखते आसमान में धूल का गुबार छा गया। इससे पहले देर रात को भी इन शहरों में आंधी चली और कहीं-कहीं बारिश हुई, जिससे रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
स्थानीय रिपोर्ट के मुताबिक आज तड़के 3-5 बजे के बीच झुंझुनूं, हनुमानगढ़, चूरू, गंगानगर और उनके आस-पास के इलाकों में बारिश हुई। गंगानगर के जैतसर में चने के आकार के ओले भी गिरे। मौसम विभाग ने आज बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनू, जयपुर, अजमेर, नागौर जिले व भरतपुर, जयपुर व कोटा संभाग के कुछ जिलों में धूल भरी आंधी के साथ बारिश होने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आंधी, बारिश का दौर पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ जिलों में अगले तीन-चार दिनों तक जारी रहने की संभावना है। वहीं पूर्वी राजस्थान में जयपुर, कोटा, भरतपुर, अजमेर संभाग के जिलों में और 2 से 5 जून तक उदयपुर, अजमेर व कोटा सम्भाग के जिलों में धूल भरी आंधी के साथ मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।
