Headlines

आरएएस अधिकारी भवानी सिंह पवार ने संभाला श्रीगंगानगर शुगर मिल में जीएम पद का कार्यभार

श्रीगंगानगर

श्रीगंगानगर : वरिष्ठ आरएएस अधिकारी भवानी सिंह पवार ने श्रीगंगानगर शुगर मिल में जीएम पद का कार्यभार संभाल लिया। दोपहर बाद वे एडीएम प्रशासन श्रीगंगानगर के पद से रिलीव हो गए। डॉ. हरीतिमा ने पवार की जगह पदभार संभाला। इस उपलक्ष्य में जिला कलेक्ट्रेट स्टाफ द्वारा पंवार को स्नेहपूर्वक भावभीनी विदाई दी गई। जिला कलेक्टर रुक्मणि रियार सिहाग ने इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भवानी सिंह पवार की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी कमी मुझे ही नहीं बल्कि पूरे जिला प्रशासन को खलेगी। पवार जैसे अधिकारी बहुत कम होते हैं। उनका बतौर एडीएम प्रशासन का कार्यकाल उल्लेखनीय रहा।

जिला कलक्टर ने कहा कि एडीएम प्रशासन के रुप में पवार ने जहां एक ओर अपनी प्रशासनिक दक्षता और कार्यकुशलता से सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों और उसकी नीतियों को धरातल पर लागू करने में सहयोग दिया। वहीं जिले में लॉ एन्ड ऑर्डर को भी बरकरार रखा। उन्होंने कहा कि पवार की प्रशासनिक सूझबूझ की वजह से ही कई प्रकरण आसानी से सुलझ गए। पवार के कार्यकाल को बेहद सराहनीय और यादगार बताते हुए जिला कलक्टर ने दोहराया कि जिला प्रशासन उनके अनुभव का लाभ भविष्य में भी लेता रहेगा।

नवनियुक्त एडीएम प्रशासन डॉ. हरीतिमा ने भी पवार को बेहद कुशल अधिकारी बताते हुए कहा कि वे उनके कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगी। उनका कोशिश रहेगी कि सबके सहयोग से सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाते हुए आमजन को उनसे लाभान्वित किया जाए। जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने भी अपने संबोधन में पवार के प्रशासनिक कौशल को याद करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जिला प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *