Headlines

महाराणा प्रताप-अकबर युद्ध पर अब डोटासरा का ज्ञान : कहा- उनकी लड़ाई सत्ता का संघर्ष थी, BJP ने इसे धार्मिक लड़ाई बताकर पाठ्यक्रम में शामिल कर लिया

डोटासरा

जयपुर : कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बीजेपी को निशाना बनाते हुए कहा कि महाराणा प्रताप-अकबर की लड़ाई सत्ता संघर्ष के लिए थी। बीजेपी ने इसे धार्मिक रंग दे दिया। दरअसल, डोटासरा नागौर जिले के दौरे पर है। यहां दो दिवसीय जिला स्तरीय कांग्रेस कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को संबाेधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने राज के दौरान विद्या भारती की तर्ज पर पाठ्यक्रम बनवाए। उन्होंने महाराणा प्रताप और अकबर के बीच हुई लड़ाई को धार्मिक लड़ाई बताकर पाठ्यक्रम में शामिल करवा रखा था, जबकि ये सत्ता का संघर्ष था। बीजेपी हर चीज को हिन्दू-मुस्लिम के धार्मिक चश्मे से देखती है।

शपथ के दौरान भी दिया था बयान

यह पहली बार नहीं है जब डोटासरा ने महाराणा प्रताप-अकबर पर बयान दिया है। शपथ ग्रहण के दौरान भी उन्होंने महाराणा प्रताप व अकबर को लेकर कहा था कि यह तो एक्सपर्ट ही बताएंगे कि दोनों में से कौन महान था। हालांकि बाद में उन्होंने बयान पर सफाई दी थी।

कार्यकर्ताओं को दिया प्रशिक्षण

इससे पहले PCC चीफ गोविन्द सिंह डोटासरा ने जिला स्तरीय कांग्रेस कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को कांग्रेस कल्चर की जानकारी देते हुए कांग्रेस के दिवंगत नेताओं का अनुसरण करने का आह्वान किया। इस दौरान आजादी से पहले और वर्तमान युग में देश सेवा के लिए कांग्रेस के योगदान की जानकारी भी दी। उन्होंने UPA सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान PCC चीफ गोविन्द सिंह डोटासरा ने जिला कांग्रेस कार्यालय के नवीन भवन निर्माण का शिलान्यास भी किया।

REET प्रकरण बीजेपी का पॉलिटिकल स्टंट

प्रशिक्षण शिविर में REET का मुद्दा भी उठा। उन्होंने इसे बीजेपी का पॉलिटिकल स्टंट बताते हुए कहा कि 3 साल में भाजपा यहां एन्टी इनकम्बेंसी पैदा नहीं कर पाई तो अब सेंट्रल लीडरशिप के इशारे पर REET को मुद्दा बनाकर युवाओं को गुमराह कर राजनीति कर रही है। वो चाहते हैं कि CBI जांच के नाम पर युवाओं के रोजगार के सपने को अटका दें। ये भर्तियां लटक जाए। प्रदेश सरकार ने इतने कम समय में 91 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। कांग्रेस सरकार इसी सत्र में नकल को लेकर कड़ा कानून पास करवाएगी।

डोटासरा बोले कि बीजेपी राज में 8 बड़े पेपर लीक हुए लेकिन हर बार लोकल पुलिस से जांच करवाकर मामले को रफा-दफा कर दिया गया था। अब ये भाजपाई CBI जांच की मांग कर तत्कालीन CM वसुंधरा राजे पर सवाल खड़े कर रहे हैं। कांग्रेस सरकार ने इस पूरे प्रकरण की जांच SOG को दी। SOG बढ़िया काम कर रही है। सरकार के स्पष्ट निर्देश हैं कि एक भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और मामले की तह तक पहुंचकर खुलासा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि REET में तमाम सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। इसके बावजूद पेपर लीक हो गया। इससे युवाओं को हुई परेशानी का दर्द हमें और सरकार को भी है। लेकिन अब BJP इस नॉन इश्यू को इश्यू बनाकर भर्तियों को अटकना चाहती है। सीबीआई को केंद्र सरकार का तोता बताने वाले ये भाजपाई CBI जांच के नाम पर सबको परेशान करना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *