जयपुर। REET परीक्षा में धांधली विवाद के बीच “नाथी का बाड़ा” एक बार फिर चर्चा में आ गया है। जयपुर में प्रदर्शन कर रहे भाजयुमो कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज के विरोध में कल रात भाजयुमो कार्यकर्ता सीकर स्थित कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा के आवास की दीवारों पर काली स्याही से नाथी का बाड़ा लिख गए। आज पुलिस ने नाथी का बाड़ा मिटवाया तथा डोटासरा के आवास पर सुरक्षा बढ़ाई। डोटासरा के जयपुर आवास पर भी नाथी का बाड़ा लिखा हुआ मिला। इस दौरान भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष हिमांशु शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश उपाध्यक्ष विपुल शर्मा, प्रदेश मंत्री रामेश्वर छाबा, सीकर जिलाध्यक्ष स्वदेश शर्मा, कार्यालय सह मंत्री अमित भारद्वाज, दीपक शर्मा, यशपाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
उधर, सीकर भाजयुमो जिलाध्यक्ष स्वदेश शर्मा के नेतृत्व में भाजयुमो कार्यकर्ता देर रात पूर्व शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा के आवास पर पहुंचे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने डोटासरा के आवास की दीवारों पर काली स्याही से नाथी का बाड़ा लिखकर अपना आक्रोश जताया। इसके साथ ही उनके मकान व नाम पट्टिका पर भी काली स्याही से नाथी का बाड़ा लिखने लगे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कई जगह काली स्याही लगाकर अपना विरोध जताया।
आज जब नाथी का बाड़ा लिखे होने की जानकारी मिलते ही पुलिस के बड़े अधिकारी डोटासरा के आवास पर पहुंचे। पुलिस ने काली स्याही से लिखा नाथी का बाड़ा मिटवाया। डोटासरा के आवास के बाहर क्यूआरटी सहित जाब्ता तैनात किया गया है।
चर्चा में रहा है नाथी का बाड़ा
दरअसल, नाथी का बाड़ा तब चर्चा में आया जब राजस्थान के तत्कालीन शिक्षा राज्यमंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने अपने आवास पर ज्ञापन देने आए शिक्षकों को कह डाला कि उन्होंने उनके घर को नाथी का बाड़ा समझ रखा है क्या?

