बादी : शहर के शेरगंज के पास शुक्रवार की रात बिजली का करंट लगने से एक बंदर की मौत हो गई। घटना के बाद शनिवार सुबह जब बजरंगियों को बंदर बाबा की मौत का समाचार मिला तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे। बंदर बाबा को भू समाधि देने के साथ अंतिम संस्कार करने के लिए विधि विधान से अंतिम यात्रा निकाली गई। साथ में शहर के चकाचक वाले हनुमान मंदिर के पास बंदर बाबा का अंतिम संस्कार किया गया।
इस दौरान हनुमान चालीसा का भी पाठ किया गया। अब 16 दिन बाद तक मृतक बंदर की याद में भंडारा होगा जिसमें जंगल में जाकर बंदरों एवं अन्य वन्यजीवों को भोजन करवाया जाएगा। पूरे मामले को लेकर दुर्गा वाहिनी से जुड़ी किशोरी बहन ने बताया कि शहर के समाजसेवी और विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने संकल्प ले रखा है। हर बंदर के निधन पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है जिसमें बंदर का अंतिम संस्कार विधि विधान से करने के बाद 16वीं पर भंडारा होता है जिसमें जंगल में जाकर बंदर बाहुल्य क्षेत्र में गुड़, चना, रोटी, केला सहित अन्य भोजन बंदरों और वन्यजीवों को खिलाए जाते हैं।
