बाल सुधार गृह में नाबालिग अपराधियों ने रॉड से हमला कर किया युवक का मर्डर

बाल सुधार गृह

जयपुर : शहर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित बाल सुधार गृह में मंगलवार देर रात को नाबालिग अपचारियों (सजा काट रहे बच्चे) ने 20 साल के युवक की हत्या कर दी। कुछ बच्चों ने एक साथ होकर सोते समय बंटी उर्फ सोनू पर हमला कर दिया। लोहे के रॉड से युवक पर कई वार किए। इससे उसकी नींद में बिस्तर पर मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे को फिलहाल बंद कर दिया है। मरने वाला युवक भी कई मामलों में सजा काट रहा था। सुबह करीब 7 बजे चौकीदार ने जब कमरे में शव देख पुलिस कंट्रोल रूम और बाल सुधार गृह के अधीक्षक को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस को सोनू के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस अधिकारियों ने बाल सुधार गृह के अधिकारियों को मौके पर बुलाया है। बाल सुधार गृह में कुल 40 बच्चे बताए जा रहे हैं। हत्या करने वाले सभी बच्चे बाल सुधार गृह के अंदर ही हैं। उनकी जानकारी जुटाई जा रही है।

मृतक के खिलाफ 18 से ज्यादा केस

मृतक बंटी उर्फ सोनू के खिलाफ जयपुर सहित अन्य इलाकों में 18 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। ये मामले मारपीट, लूटपाट ,हत्या के प्रयास और रेप के हैं। वह 16 की उम्र में बाल सुधार गृह आया था। तब से यहीं रह रहा था। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। मृतक के परिजन भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं, बाल सुधार गृह में मारपीट करने वाले कुछ बाल अपराधियों को चिन्हित किया गया है। हत्या के कारणों पर पुलिस जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि हत्या करने वाले युवकों के खिलाफ भी हत्या और रेप के कई मामले पूर्व में दर्ज हो हैं।

बाल सुधार गृह में वर्चस्व के कारण हुई हत्या

बाल सुधार गृह में सोनू की हत्या के पीछे वर्चस्व की लड़ाई बताई जा रही है। बाल सुधार गृह में ही मौजूद बच्चों में आपस में रंजिश चल रही थी। इसके चलते दो युवकों ने देर रात को सोनू पर हमला कर दिया। पूछताछ में सामने आया कि लंबे समय से युवकों के बीच में गैंगवार चल रही थी। इसके कारण आए दिन यहां पर झगड़े होते रहते थे। ट्रांसपोर्ट नगर थाने के एसएचओ ग्यासुद्दीन ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दो युवकों को राउंडअप किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *