Headlines

मंत्री गुढ़ा बोले- मैं बसपा से चुनाव जीतकर कांग्रेस में मंत्री बनता हूं, दरी उठाने के टाइम निकल लेता हूं

झुंझुनूं: कटरीना कैफ के गालों से सड़कों की तुलना के बयान से विवाद में आए मंत्री राजेंद्र गुढ़ा के एक और बयान ने राजनीति में भूचाल ला दिया है। उनके दलबदल को लेकर दिए बयान ने सियासी हलकों में चर्चा छेड़ दी है। गुढ़ा बोले – मैं चुनाव बसपा से जीतता हूं और कांग्रेस में जाकर मंत्री बन जाता हूं। वापस जब कांग्रेस में दरी उठाने का टाइम आता है तो निकल लेता हूं। कह देता हूं, आप संभालो, आपकी कांग्रेस। अभी चुनाव में वापस बहनजी से टिकट ले आया। पहले बसपा से टिकट लिया जीता, फिर कांग्रेस में घुसा और मंत्री बन गया। गुढ़ा ने यह बयान अपने निर्वाचन क्षेत्र (उदयपुर वाटी, झुंझुनू) के दौरे के दौरान दिया था। यह बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस बयान के बाद कांग्रेस में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के विरोधी खेमे को मुद्दा मिल गया है।

किसी की तारीफ करना गलत नहीं

कटरीना के गाल जैसी सड़क बनाने वाले बयान पर सीएम की नाराजगी के बाद राज्य मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने सफाई दी है। गुढ़ा ने कहा- गांव के किसी कार्यक्रम में मैंने कहा था कि सड़क सुंदर बनाना, उसमें कटरीना की सुंदरता से तुलना की गई। मुझे तो फिल्में देखे ही 20 साल हो गए। ​पीछे से किसी ने कह दिया कि कटरीना कैफ सुंदर है, तो मैंने उसकी सुंदरता की तारीफ करते हुए कह दिया उसके गालों जैसी सड़कें बना दीजिए। संदर्भ यह था कि सड़कें सुंदर बनें।

गुढ़ा ने कहा- कटरीना कैफ सुंदर हैं। किसी की सुंदरता की तारीफ करने में क्या बुराई है? कटरीना की शादी राजस्थान में ​हो रही है। किसी लड़की की शादी से पहले बुराई कैसे कर सकता हूं। एक काम की दूसरे काम से तुलना करते हुए भी हम कहते हैं, जैसे कपड़ा सफेद झक है। सफेद झक, लाल चट, काला कुट,पीला पट, ये बोलते ही हैं। वह हीरोइन सुंदर है। उसकी सुंदरता की तारीफ करने में महिला का अनादर कैसे हो गया? जो लोग महिला सम्मान को लेकर मेरे बयान पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें बता दूं कि हर जाति की बहन-बेटी को मैंने अपनी बहन-बेटी माना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *