जोधपुर: पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने लंबे समय से साध रखी चुप्पी को तोड़ते हुए कहा कि पुत्र वधू बीमार थी, इसलिए मैदान में सक्रियता कम रही। वसुंधरा राजे ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि आगामी चुनावों के लिए सक्रिय हो जाएं। वसुंधरा ने भाजपा में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर कहा कि जिसे 36 कौम का प्यार मिलेगा, वही राजस्थान का नेतृत्व करेगा।
पूर्व मुख्यमंत्री राजे दो दिन के जोधपुर दौरे पर हैं। वे सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं और जनता से मिलीं। कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि यह उनका अंदरूनी मामला है, लेकिन जैसा उन्हें दिखाई दे रहा है उसके अनुसार कांग्रेस डूबता जहाज है।
वहीं, अपनी कम सक्रियता के सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि उनकी पुत्र वधू काफी दिनों से बीमार थी। इस कारण वे फील्ड में नहीं जा पा रही थी। अब उनके स्वास्थ्य में सुधार हुआ है।
बता दें कि वसुंधरा राजे गुरुवार को केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत की मां के निधन पर उनके घर शोक व्यक्त करने गई थीं। साथ ही पूर्व कैबिनेट मंत्री मदेरणा के निधन पर उनके पैतृक निवास चाड़ी पहुंचकर विधायक दिव्या मदेरणा और उनके परिवार से मिल कर संवेदनाएं व्यक्त कीं।