जोधपुर: शेरगढ विधायक के रिश्तेदार का जोधपुर के रातानाडा पुलिस ने चालान काटा तो विधायक पति सहित थाने पहुंच गईं। विधायक और उनके पति ने पुलिस को धमकाया और फिर जमकर हंगामा किया। इस मामले की हैरान करने वाली बात तो ये है कि चालान एमवीआई एक्ट के तहत पर काटा गया। इस पर विधायक ने पुलिस से कहा कि क्या हो गया शराब पी ली तो, बच्चे हैं पी लेते है। इधर विधायक के पति पुलिसकर्मी को विधायक के सामने कुर्सी पर बैठने पर भी टोकते नजर आए।
एयर फोर्स इलाके में देर रात पुलिस की गश्ती दल ने दो लोगों को पकड़ा और एमवीआई एक्ट के तहत उनका चालान बना दिया। पुलिस ने चालान बनाने के बाद गाड़ी को भी सीज कर दिया। इसके के बाद युवक ने अपने रिश्तेदार शेरगढ विधायक मीना कंवर के पति उम्मेद सिंह राठौर को फोन लगाया। उम्मेद सिंह की पुलिस से बात करवा डाली। कानून के दायरे में बंधे पुलिस के जवान ने उन्हें कहा कि उन्होंने चालान बना दिया है और अब गाड़ी सीज हो चुकी है। वह गाड़ी को छोड़ने में असमर्थ है।
करीब एक घंटे तक विधायक पत्नी और पति ने किया हंगामा
इसके बाद उम्मेद सिंह राठौर अपनी विधायक पत्नी मीना कंवर के साथ थाने पहुंच गए। पुलिस थाने में करीब एक घंटे तक विधायक पत्नी और पति ने हंगामा किया। जब बात बनती नहीं दिखी तो विधायक और पति जमीन पर बैठ गए। अपनी जिद पर अड़ गए। कभी डीसीपी तो कभी आलाकमान को फोन करने लगे। जयपुर से एक बड़े अधिकारी को बार-बार फोन किया गया। आखिरकार डीसीपी के हस्तक्षेप के बाद मामला तो शांत हो गया। इतना ही नहीं विधायक के सामने कुर्सी पर बैठे पुलिसकर्मी को भी उनके पति ने धमकाते हुए बोले कि विधायक नीचे बैठी हैं और तुम कुर्सी पर हो। यहां तक कि एसएचओ लीलाराम वाले मामले का हवाला देते हुए भी धमकाने लगा।
थाने में चले विधायक और पति के ड्रामे का वीडियो वहां मौजूद किसी पुलिसकर्मी ने बना लिया। आला अधिकारी ने वीडियो बनाने वाले कांस्टेबल को वीडियो तुरंत डिलीट करने का आदेश दे डाला। वहीं पूरे थाने को भी कह दिया कि वह इस बारे में किसी को नहीं बताएं, लेकिन घटना का वीडियो सोमवार देर रात सामने आ गया।
