जोधपुर: तबियत सही नहीं होने का हवाला देकर 15 से ज्यादा बार लोअर कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक में जमानत याचिका लगा चुका आसाराम भजन संध्या में झूमता नजर आया। 10 दिन पहले ही उसे एम्स ले जाया गया था, लेकिन इस बार उसका भक्ति में मग्न होकर झूमने का एक वीडियो सामने आया है। ऐसे में माना जा रहा है कि वह बिल्कुल स्वस्थ है।
आसाराम जोधपुर सेंट्रल जेल में रेप के मामले में मरते दम तक आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। महाशिवरात्रि पर हर साल की तरह इस बार भी जेल में भजन संध्या का आयोजन किया गया था। इसमें कई भजन कलाकारों और कैदियों ने भी प्रस्तुति दी। मंगलवार को जेल में हुई भक्ति संध्या के आयोजन में वो झूमता हुआ नजर आया। भजनों पर तालियां बजाई और भजन भी गाए।
