Headlines

टायर फटने से इनोवा से भिड़ी कार, युवक की मौत; तीन गंभीर घायल जयपुर रेफर

टायर फटने से इनोवा से भिड़ी कार, युवक की मौत; तीन गंभीर घायल जयपुर रेफर

झुंझुनूं : तेज रफ्तार स्विफ्ट कार का टायर फटने से इनोवा से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में स्विफ्ट कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों को जयपुर रेफर किया गया है। इनोवा का एयर बैग समय पर खुल गया। उसमें सवार सभी बाल-बाल बच गए। हादसा झुंझुनूं में चिड़ावा रोड पर नूनिया गोठड़ा के पास सोमवार शाम हुआ था। इसका वीडियो मंगलवार को सामने आया है।

पुलिस के मुताबिक, चिड़ावा से झुंझुनूं की ओर जा रही कार के आगे का टायर फट गया। इसके बाद गाड़ी बेकाबू हो गई। सिंगल रोड पर कार फिसलती हुई सामने से आ रही तेज रफ्तार इनोवा से जा भिड़ी।

स्विफ्ट सवार 30 वर्षीय प्रदीप की मौत हो गई। प्रदीप बुडानिया गांव का रहने वाला था। वह अपने 3 दोस्तों के साथ कार से चिड़ावा से झुंझुनूं जा रहा था। पुलिस ने बताया कि कार में चार लोग सवार थे। सामने से आ रही इनोवा कार में 8 लोग सवार थे। इनोवा सवार 5 लोगों को हल्की चोटें आईं। उन्हें बगड़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से ही छुट्टी दे दी गई।

दुर्घटना में विकास पुत्र मदनलाल ( 28 ) उदनसरी फतेहपुर सीकरी, रवि पुत्र महेंद्र जांगिड़ ( 28 ) बजावा मंड्रेला व दौलत सिंह पुत्र रामवतार जाट ( 25 ) बुडानिया निवासी गंभीर घायल हुए हैं। घायलों को बीडीके में भर्ती करवाया गया था। हालत गंभीर होने के कारण जयपुर रेफर कर दिया गया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *