जयपुर: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हिंदू और हिंदुत्व पर नया बयान देकर फिर बहस छेड़ दी है। गहलोत ने कहा- बीजेपी के नेता हिंदुत्व और राष्ट्रवाद की बात करते हैं। इनका हिंदुत्व और राष्ट्रवाद चुनाव जीतने के लिए है। हमारा हिंदुत्व धार्मिक मान्यता के लिए है। हम सबको गर्व है कि हम हिंदू हैं। महात्मा गांधी ने भी यही कहा था कि हमें हिंदू होने का गर्व है। हिंदू होने के साथ हम सब धर्मों का सम्मान करते हैं। दूसरे धर्मों का सम्मान करने से समाज में प्रेम रहेगा। हिंसा नहीं होगी। देश विकास करेगा। गहलोत बुधवार को दिल्ली में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
गहलोत ने नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया के रावण और सीता पर दिए बयान को लेकर भी निशाना साधा। गहलोत ने कहा- गुलाबचंद कटारिया ने पहले महाराणा प्रताप के बारे में बोला, अब रावण का उदाहरण देने के लिए सीता ही मिली क्या? कटारिया मेंटली डिस्टर्ब लगते हैं। लगता है उन्हें पार्टी में सम्मान नहीं मिल रहा तो वे परेशान हो जाते हैं। कुछ तो कारण जरूर है। कटारिया मीडिया के सामने ऐसे-ऐसे शब्द काम लेते हैं जो सोच नहीं सकता। वे बुजुर्ग हैं, भले वे RSS कैडर के हो, मैं उनका सम्मान करता हूं। मैंने भी उन्हें कई बार समझाया कि आप बिलो द बेल्ट वार मत किया करो, लेकिन वे मान ही नहीं रहे।