Headlines

11 कॉलेज भवनों का लोकार्पण एवं 2 भवनों का किया शिलान्यास

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश निरन्तर आगे बढ़ रहा है। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए हमारी सरकार ने जिन राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालयों में 12वीं कक्षा में 500 से अधिक छात्राएं अध्ययनरत हैं, उन्हें बालिका महाविद्यालय में क्रमोन्नत करने की बजट में घोषणा की है। गहलोत बुधवार को मुख्यमंत्री निवास से वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नवनिर्मित महाविद्यालय भवनों के लोकार्पण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री गहलोत ने करीब 45 करोड़ की लागत से नवनिर्मित 11 महाविद्यालय भवनों का लोकार्पण एवं करीब 12 करोड़ 67 लाख की लागत के दो महाविद्यालय भवनों का शिलान्यास किया। गहलोत ने कहा कि हमने प्रदेश में 123 नए काॅलेज खोलने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जिन कस्बों अथवा गांव की आबादी 5 हजार से अधिक है, वहां अंग्रेजी माध्यम के सरकारी स्कूल खोले जाएंगे। इन स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे भी अब निजी स्कूलों के बच्चों से प्रतिस्पर्धा कर पाएंगे।

30 जिलों में मेडिकल काॅलेज किये गए स्वीकृत

गहलोत ने कहा कि पहले प्रदेश शिक्षा में खास तौर पर महिला शिक्षा के क्षेत्र में काफी पीछे था। आज राजस्थान सभी क्षेत्रों में प्रगति के पथ पर अग्रसर है। प्रदेश के 30 जिलों में मेडिकल काॅलेज स्वीकृत हो चुके हैं और इनमें से कई मेडिकल काॅलेजों में कोर्स शुरू हो चुके हैं। मेडिकल काॅलेज खुलने से जिला स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सुविधाएं आमजन को मिलेंगी और यहां से निकले चिकित्सक सीएचसी-पीएचसी तक उपलब्ध होंगे। राज्य सरकार की अनुप्रति योजना के तहत छात्र-छात्राओं को कोचिंग के लिए 75 हजार रूपए तक प्रतिवर्ष मिलेंगे। इससे गरीब बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में उच्च शिक्षा राज्यमंत्री भंवर सिंह भाटी, नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल, सीकर विधायक राजेन्द्र पारीक, खण्डेला विधायक महादेव सिंह खण्डेला, दौसा विधायक मुरारी लाल मीना, उदयपुरवाटी विधायक राजेन्द्र सिंह गुढ़ा, सादुलपुर विधायक कृष्णा पूनिया, राजाखेड़ा विधायक रोहित बोहरा, बामनवास विधायक इन्द्रा मीणा, सहाड़ा विधायक गायत्री देवी, खींवसर विधायक नारायण बेनीवाल, पिण्डवाड़ा विधायक समाराम गरासिया, पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत आदि ने उनके क्षेत्र में नये काॅलेज भवन के उदघाटन एवं अन्य बजट घोषणाओं के लिए मुख्यमंत्री को साधुवाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *