नागौर : राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक तथा नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने अपने नागौर स्थित आवास पर नियमित जनसुनवाई की। सांसद बेनीवाल के समक्ष नागौर सहित विभिन्न जिलों के लोगों ने अपनी समस्याओं से अवगत कराया। जिस पर बेनीवाल ने निस्तारण के लिए तत्काल संबंधित विभाग के अधिकारियों को दूरभाष पर निर्देश दिए। वहीं कई समस्याओं के निस्तारण हेतु आश्वासन दिया।
नागौर आवास पर जन सुनवाई में पाली जिले की जैतारण तहसील के अमरपुरा गांव निवासी पशुपालक गणपत लाल देवासी व उनके परिजनो ने मुलाकात कर विगत दिनों उनके घर पर हुई आकस्मिक आगजनी से कमरा टूट जाने व हुए नुकसान से अवगत करवाया। जिस पर सांसद बेनीवाल ने तत्काल जिला कलक्टर पाली से दूरभाष पर वार्ता करके नुकसान का आंकलन करके अधिकतम सरकारी आर्थिक मदद दिलवाने के निर्देश दिए। साथ ही पाली जिले से आरएलपी के जिला अध्यक्ष को मौके पर जाने के निर्देश दिये। वहीं खींवसर विधानसभा क्षेत्र के भेड़ गांव के लोगो ने आकला रोड़ पर स्थित स्कूल से चौकी हटाने, बाड़मेर जिले के किसानों में नहरी पानी की समस्या का निस्तारण करके, जोधपुर जिले के चामु क्षेत्र के किसानों ने पंजाब राज्य में उनके मूंगफली के लंबित भुगतान की राशि दिलवाने की मांग से सांसद बेनीवाल को अवगत करवाया। वहीं बुधवार देर रात लाडनूं क्षेत्र के तंवरा ग्राम के सरपंच प्रतिनिधि पूर्णाराम कस्वा, पुखराज सोनी, मोहन सेन सहित कई लोगो ने उक्त गांव में गौचर पर वर्षो से रह रही आबादी केनियमतीकरण की मांग की।
वहीं डीडवाना के पार्षद गुलेशर खां, रालोपा नेता सुनील बेनीवाल सहित कई लोगो ने सांसद बेनीवाल से मुलाकात करके डीडवाना में रेलवे कोलोनी के रास्ते से जुड़ी मांग से उन्हें अवगत करवाया। जिस पर सांसद बेनीवाल ने तत्काल जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक से दूरभाष पर वार्ता करके एक टीम मौके पर भेजकर समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए। वहीं खजवाना ग्राम के लोगो ने सांसद को अंबुजा सीमेंट कंपनी द्वारा खजवाना रेलवे स्टेशन के यार्ड में सीमेंट लोडिंग के समय फैल रहे प्रदूषण से अवगत करवाया। जिस पर सांसद बेनीवाल ने तत्काल जिला कलक्टर को पत्र लिखकर ग्रामीण की समस्या का समाधान करवाने के निर्देश दिए।

