भीलवाड़ा: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में बजरी माफिया और ग्रामीणों के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक के बाद एक घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसी ही एक घटना बीती रात पुर थाना क्षेत्र के दरीबा गांव में सामने आई। यहां कोठारी नदी से बजरी खनन रोकने पहुंचे ग्रामीणों और बजरी माफिया के बीच विवाद हो गया। ग्रामीणों ने बजरी माफिया की जेसीबी की हवा निकालने के बाद उसे आग लगा दी। मौके पर पहुंची पुर थाना पुलिस पर बजरी माफिया ने पथराव कर दिया। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस घटना में पुलिस के 2 जवान गंभीर रुप से घायल हो गए है। यहां सक्रिय बजरी माफिया को रोकने के लिए आसपास के ग्रामीण लंबे समय से पुलिस व खनन विभाग से शिकायतें करते रहें हैं। लेकिन प्रशासन की ओर से समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। इस घटना को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
जेसीबी में लगाई आग
घटनास्थल पर पुलिस पहुंची तो लोगों ने एक जेसीबी को घेरा हुआ था। उन्होंने टायर की हवा निकाली तथा उसके आग लगा दी। पुर थाना पुलिस ने बजरी माफिया पर काबू करने का प्रयास किया तो उनके सदस्यों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। जिसमें कांस्टेबल फुमाराम व शक्ति सिंह घायल हो गए। पथराव में पुलिस की जीप का शीशा भी टूट गया। पुलिस ने उनसे बचने के लिए चार हवाई फायर किए। अंधेरे का फायदा उठाकर बजरी माफिया से जुड़े लोग भाग निकले। सूचना मिलते ही भीलवाड़ा के सदर थाना, हमीरगढ़ तथा मांडलगढ़ थाने से जाब्ता भेजा गया। पुलिस ने मौके से जेसीबी के ड्राईवर को गिरफ्तार कर एक दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
