जयपुर: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नगरीय क्षेत्रों के साथ-साथ प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में कोविड महामारी से मृत व्यक्तियों के अंतिम संस्कार में होने वाला खर्च भी राज्य सरकार द्वारा वहन करने का निर्णय किया है। ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम संस्कार के लिए एम्बुलेन्स के माध्यम से पार्थिव देह के परिवहन की नि:शुल्क व्यवस्था भी राज्य सरकार द्वारा ही की जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों में कोविड मृतक व्यक्तियों के ससम्मान अंतिम संस्कार की व्यवस्था के लिए जिला कलक्टरों तथा जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों को आदेश जारी कर दिए हैं। आदेशों के मुताबिक पार्थिव देह के अंतिम संस्कार में कोरोना प्रोटोकॉल की पूरी तरह पालना सुनिश्चित की जाएगी।
Read More : Chiranjeevi Swasthya Yojana : अब 31 मई 2021 तक लोग योजना के लिए कर सकेंगे आवेदन
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व श्री गहलोत ने नगरीय क्षेत्रों में कोविड जनित मृत्यु के मामलों में ससम्मान अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव देह को चिकित्सालय से श्मशान अथवा कब्रिस्तान तक निशुल्क ले जाने तथा अंतिम संस्कार में होने वाला समस्त व्यय नगरीय निकायों द्वारा वहन किए जाने के निर्देश दिए थे।
