चित्तौड़गढ़ : कृष्ण धाम श्री सांवलियाजी को भेंट स्वरुप चांदी की सिलाई मशीन चढ़ाने के लिए बनवाई गई है। यह सिलाई मशीन 8 इंच ऊंची और 11 इंच लंबी है। बस्सी के कारीगर गणपत लाल सुथार से 1 किलो चांदी से सिलाई मशीन बनवाई गई है। बताया जा रहा है कि भक्त के घर पर एक कार्यक्रम है। वह पूरा होने के बाद जल्द ही वह चांदी की मशीन सांवलिया जी को भेंट के रूप में देंगे। भक्त ने एक व्यापारी के जरिए कारीगर को यह ऑर्डर दिया है। हालांकि भक्त ने अपना नाम बताने से इनकार कर दिया।
कारीगर गणपत लाल सुथार ने बताया कि इस मशीन को बनाने में एक महीने का समय लग गया। इस मशीन को हाथ कारीगरी से बनाया गया है। इस पर श्री सांवरिया सेठ की जय भी लिखवाया गया है। मशीन पर बारीक-बारीक काम भी हाथ से ही किए गए हैं। हूबहू इसे मशीन जैसा ही आकार दिया गया। मशीन को हाथ से घुमाने वाला हत्था भी असली जैसा ही घूमता है। गणपत लाल सुथार ने बताया कि वह चांदी से बना हेलिकॉप्टर, गुलाब के फूल जैसे उपहार भी बना चुके हैं।

