जयपुर। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के सीएमडी ने बजट घोषणा 2021-22 के क्रम में सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेने वाले परीक्षार्थियों को प्रदेश में परीक्षा के लिए राजस्थान रोडवेज में नि:शुल्क यात्रा सुविधा प्रदान करने के लिए सभी विभागों के प्रभारी सचिवों को पत्र लिख कर प्रतियोगी परीक्षा की सूचना रोडवेज प्रबंधन को उपलब्ध कराने के लिए आग्रह किया है।
राजस्थान रोडवेज के सीएमडी संदीप वर्मा ने बताया कि प्रदेश में केंद्रीय एवं राज्य एजेंसियों के द्वारा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित की जा रही है, जिसमें भाग लेने वाले प्रतियोगी परीक्षार्थियों को नि:शुल्क बस सेवा उपलब्ध करवाई जा रही है। कुछ प्रकरणों संबंधित विभाग द्वारा आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी रोडवेज प्रबंधन को नहीं होने के कारण प्रतियोगी परीक्षार्थियों के मन में निशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने के संबंध में संशय की स्थिति बनी रहती है। इसलिए अधीनस्थ विभागाध्यक्ष या प्रतियोगी परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी को परीक्षा कार्यक्रम दिनांक से कम से कम 7 दिन पूर्व रोडवेज प्रबंधन को सूचित करने के लिए सभी प्रभारी सचिवों से पत्र लिखकर आग्रह किया गया है।
रीट के परीक्षार्थियों के नि:शुल्क यात्रा के लिए विशेष छूट
वर्मा ने यह भी बताया कि विभागों द्वारा समय से प्रतियोगी परीक्षा की सूचना या जानकारी रोडवेज प्रबंधन को उपलब्ध बजट घोषणा की अनुपालना में राजस्थान रोडवेज द्वारा उस परीक्षा के क्रम में समय पर आदेश प्रसारित किए जा सकेंगे एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेने वाले परीक्षार्थियों को रोडवेज की साधारण एवं दूरगामी बसों में राज्य की सीमा के अंदर निशुल्क यात्रा की सुविधा बेहतर ढंग से उपलब्ध कराई जा सकेगी। वर्मा ने बताया कि अतिरिक्त मुख्य सचिव (शिक्षा), परिवहन मंत्री एवं शिक्षा मंत्री द्वारा रीट के परीक्षार्थियों की अत्यधिक संख्या को देखते हुए दिनांक 20 सितंबर से 30 सितंबर, 2021 तक नि:शुल्क यात्रा उपलब्ध कराने के लिए विशेष छूट प्रदान की गई है, इसलिए रीट के परीक्षार्थियों को परीक्षा के लिए एक बार आने और जाने के लिए भी राजस्थान रोडवेज की साधारण एवं एक्सप्रेस बस में नि:शुल्क यात्रा उपलब्ध रहेगी।
प्रवेश-पत्र बस में परिचालक या बुकिंग विंडो पर दिखाना होगा
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार की बजट घोषणा 2021-22 के क्रम में सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेने वाले परीक्षार्थियों एवं प्रदेश के युवा ब्रांड एंबेसडर राजस्थान रोडवेज की साधारण एवं एक्सप्रेस बसों में राज्य की सीमा के अंदर नि:शुल्क यात्रा की सुविधा परीक्षा की एक दिवस पूर्व से लेकर परीक्षा समाप्ति की आगामी दिवस तक निवास स्थान से परीक्षा केंद्र वाले शहर तक आने जाने हेतु उपलब्ध करवाई जानी है। परीक्षार्थी को नि:शुल्क यात्रा सुविधा का लाभ लेने के लिए केंद्र या राज्य सरकार आयोजित प्रतियोगी परीक्षा का प्रवेश-पत्र बस में परिचालक या बुकिंग विंडो पर दिखाना होगा।
