बाड़मेर : बाड़मेर जिले के भूंका भगत सिंह मेगा हाईवे पर सोमवार को बोलेरो और ट्रक की टक्कर में 2 महिलाओं सहित 4 लोगों की मौत हो गई। पांच अन्य लोग घायल हैं। बोलेरो में एक ही परिवार के 9 लोग सवार थे। हादसे में मृतक व घायल गुजरात के बताए जा रहे हैं। हादसे में घायल हुए लोगो को सिणधरी अस्पताल पहुंचाया गया। सिणधरी थानाधिकारी बलदेवराम ने बताया कि दोनों वाहनों में टक्कर इतनी तेज हुई थी कि बोलेरो के आगे का पूरा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर से सड़क के किनारे पेड़ भी गिर गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को निजी वाहनों के सहयोग से अस्पताल भेजा गया। टक्कर के बाद हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने मशक्कत के बाद जाम को खुलवाया।
दर्शन करने आये थे जसोल माजीसा मंदिर
गुजरात से एक ही परिवार के लोग जसोल माजीसा मंदिर में दर्शन करने के लिए आए थे। बोलेरो से गुजरात जा रहे थे। इसी बीच, सोमवार दोपहर हादसा हो गया। ट्रक ड्राइवर वाहन छोड़कर भाग गया। हादसे में 2 की मौके पर ही मौत हो गई तथा दो ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। हादसे में गोमती पत्नी चेना भाई सुथार निवासी लवाना दीसा गुजरात, चेना भाई पुत्र कानजी भाई सुथार निवासी लवाना दीसा गुजरात, भावना पत्नी कपूर जी सुथार निवासी लक्ष्मीपुरा दीसा गुजरात तथा काना भाई पुत्र बदाजी की मौत हो गई।
हादसे में ये हुए घायल
इस भीषण हादसे में देवाराम उर्फ देवा जी (55), कपूर भाई (40), भरत भाई (45), मोहन (20) और हिना उर्फ हिमांशी (17) घायल हो गए।

