Headlines

बाइक सवार बदमाशों ने बंदूक की नोक पर ज्वैलर से लुटे 22 लाख के गहने व नकदी

ज्वैलर

नागौर: जिले के डेगाना शहर में गुरुवार देर रात दुकान बंद कर घर जा रहे ज्वैलर के साथ बाइक पर आये 3 नकाबपोश बदमाशों ने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। बंदूक की नोक पर चोरो ने ज्वैलर से 30 तोला सोने और 5 किलों चांदी सहित 3 लाख रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घटना शारदा बाल स्कूल के पीछे ज्वैलर के घर के पास ही हुई। तीनों बाइक सवार बदमाश वारदात के बाद अंधेरे का फायदा उठाकर हॉस्पिटल चौराहे होते हुए चान्दारुण फाटक की तरफ फरार हो गए।

पीड़ित ने फैंके पत्थर तो एक बदमाश हुआ घायल

डेगाना निवासी ज्वैलर द्वारका प्रसाद ने बताया कि गुरुवार रात वो डेगाना की राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक के पास स्थित ज्वैलर शॉप को बंद कर पैदल-पैदल घर लौट रहे थे। घर पहुंचने से थोड़ा पहले अचानक पीछे से 3 बाइक सवार युवक आये। उनमे से एक युवक बाइक से नीचे उतरा और उनकी कनपटी पर बंदूक लगाते हुए उनके हाथ से 30 तोला सोने और 5 किलों चांदी के गहनों और 3 लाख रुपये नगदी से भरा बैग छीन लिया। इसके बाद तीनों बदमाश बाइक पर बैठकर भागे।

ज्वैलर द्वारका प्रसाद ने बताया कि इस दौरान पहले तो वो डरे लेकिन फिर उन्होंने हिम्मत जुटाते हुए पीछे से बदमाशों पर पत्थर फेंके। उनके अनुसार पीछे बैठे एक बदमाश के सिर में पत्थर लगने से उसके गहरी चोट भी आई। लेकिन बदमाश रुके नहीं। तेजी से हॉस्पिटल चौराहे होते हुए चान्दारुण फाटक की तरफ फरार हो गए।

ग्राहक के लिए तैयार किये थे गहने

पीड़ित ज्वैलर द्वारका प्रसाद ने बताया कि तकरीबन 19 लाख के सोने-चांदी के इन गहने शुक्रवार सुबह 9 बजे ग्राहक को देने थे। ग्राहक के घर में 21 नवंबर को शादी कार्यक्रम है। वहीं, गुरुवार दिन भर हुई बिक्री से 3 लाख रुपए नगदी जमा हुई थी। अब खुद की बर्बादी के साथ-साथ बड़ी चिंता ग्राहक के घर में शादी कार्यक्रम की हो रही है।

CCTV कैमरों में फुटेज क्लियर नहीं

घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित ज्वैलर द्वारका प्रसाद से जानकारी लेने के बाद शहर के सभी इलाके के CCTV फुटेज खंगाले। लेकिन अंधेरे के चलते फुटेज साफ़ नहीं थे। कई जगहों पर CCTV खराब पड़े होने से फुटेज नहीं मिल पाई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जिले भर में नाकेबंदी करा बदमाशों कि तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *