भरतपुर: बयाना थाना इलाके में सर्दी से बचने के लिए दो लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। दो मजदूर बीती रात मशीन ऑपरेट करने वाले केबिन में काम कर रहे थे। उन्होंने सर्दी से बचने के लिए केबिन को बंद कर उसमें आग जला ली। इससे दोनों का दम घुट गया, और एक मजदूर आग के ऊपर जा गिरा। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सर्दी से बचने के लिए जलाई आग
बयाना भरतपुर स्टेट हाइवे पर अगावली गांव के पहाड़ पर एक शिवालिका सिलिका क्रेशर है जिससे सिलिका निकलती है। सिलिका चूड़ियां बनाने के काम आती है। क्रेशर पर मशीनों को ऑपरेट करने के लिए एक केबिन बनाया हुआ है। मध्यप्रदेश के रहने वाले दो मजदूर रामनरेश और प्रमोद केबिन के अंदर काम कर रहे थे। उन्होंने सर्दी से बचने के लिए केबिन में कोयले लाकर आग जला रखी थी, और केबिन को पूरी तरह से बंद कर लिया। दोनों मजदूर सर्दी से बचने के लिए अलाव तापने लगे।
बेहोश होकर गिरा मजदूर आग के ऊपर
अलाव तापते हुए दोनों मजदूर बेहोश हो गए। बेहोश होने के बाद एक मजदूर केबिन में गिर गया और दूसरा आग के ऊपर गिर गया। आग के ऊपर गिरने वाले मजदूर के शरीर का काफी हिस्सा जल गया। पूरी रात दोनों मजदूरों के शव केबिन में ही पड़े रहे। सुबह जब क्रेशर पर काम करने वाले मजदूर केबिन पर गए तो दोनों मजदूरों के शव केबिन के अंदर पड़े हुए थे जिसमें से एक मजदूर का शव जला हुआ था। यह देखकर उनके होश उड़ गए। इस घटना की जानकारी क्रेशर के मालिक योगेश मित्तल और पुलिस को दी गई जिसके बाद बयाना थाना पुलिस और FSL की टीम वहां पहुंची।
