भरतपुर : पूर्व केंद्रीय मंत्री नटवर सिंह के बेटे और भरतपुर के नवनिर्वाचित जिला प्रमुख जगत सिंह ने भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से कामां में रखे गए कार्यक्रम के दौरान न्याय के लिए कुछ भी कर जाने की बात कही। उन्होंने कुछ ऐसी बातें भी कह डालीं, जो पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यह अन्याय करने वाले लोगों को सिर्फ डराने वाली बातें हैं, ताकि संबंधित लोग सभी के साथ न्याय करें।
जगत सिंह के पक्ष में होती रही नारेबाजी
जगत सिंह ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अब मैं वापस आ गया हूं। मैं 12 नंबर साइज का जूता पहनता हूं। आप सब मुझे अच्छी तरह जानते हैं, जूते को चलाने में मैं हिचकता नहीं। न्याय के लिए लड़ाई लड़ेंगे, जूता भी चलेगा, तलवार भी चलेगी, पचमेडा भी चलेगा, AK-47 भी चलेगी।
इस संबोधन के दौरान लगातार जगत सिंह के पक्ष में नारेबाजी होती रही। जब वे कामां पहुंचे तो उनके स्वागत में कस्बे की एंट्री से लेकर सभा स्थल तक भारी भीड़ थी। उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया गया और घोड़े पर बैठाकर सवारी भी निकाली गई। रैली के रूप में जगत सिंह सभा स्थल तक पहुंचे। जमकर स्वागत हुआ।
पहले भी रहे विवादों में
जगत सिंह 2013 से 18 तक कामां विधानसभा सीट से भाजपा से विधायक रह चुके हैं। तब जाहिदा खान को हराकर विधायक बने थे। जगत सिंह पहले भी इस तरह के बयानों को लेकर विवाद में रह चुके हैं। साल 2013 में जब जगत सिंह कामां के विधायक थे, तब प्रदेश में कुछ जगह उपचुनाव हुए थे। बीजेपी उपचुनाव हार गई थी। उस समय जगत सिंह ने कहा था कि हमारी सरकार के चश्मे उतर चुके हैं। खनन माफिया जमकर खनन करें। जगत सिंह के इस बयान के बाद तत्कालीन सीएम वसुंधरा राजे नाराज हो गई थीं।