बाड़मेर: बाड़मेर में पाक विस्थापित लोगों के लिए दो दिवसीय कैंप का आयोजन किया गया। शुक्रवार देर शाम को 9 पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता देते हुए नागरिकता प्रमाण-पत्र दिए गए। इंडियन बनने के बाद लोगों के चेहरे पर खुशी का ठिकाना नहीं था। बोले- अब हम इंडियन हैं। हमें सारी मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। नागरिकता देने के दौरान गृह विभाग के उप सचिव भवानी शंकर भी उपस्थित थे। कलेक्टर लोकबंधु ने मुंह मीठा भी करवाया।
दरअसल, बाड़मेर सहित पश्चिमी जिलों में काफी संख्या में पाकिस्तान विस्थापित लोग यहां आकर बस गए हैं। ऐसे लोग वापस पाकिस्तान जाना नहीं चाहते हैं। इसको लेकर केंद्र व राज्य सरकार के संयुक्त तत्वावधान में राज्य के जिलों में कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इस कैंप में नागरिकता से संबंधित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कैंप में नागरिकता नए आवेदन से लेकर योग्य लोगों को नागारिकता देने का काम किया जा रहा है। इस कैंप में भारतीय नागरिकता लेने के लिए कुल 31 पाक विस्थापित लोगों के आवेदन आए हैं। कैंप के दूसरे दिन शाम को करीब 6 बजे जिला कलेक्टर कार्यालय में 9 लोगों को नागरिकता प्रमाण- पत्र दिया गया।
इंडियन मोतीसिंह का कहना है कि भारतीय नागरिकता मिलने के बाद बहुत खुशी हो रही है। लंबे समय हम इंतजार कर रहे थे लेकिन नागरिकता मिलने में परेशानी आ रही थी। लेकिन आज हम गर्व से कह सकते है कि हम इंडियन है।
