बाड़मेर: बाड़मेर-जोधपुर हाईवे पर बस और ट्रक की भिड़ंत से बस में भीषण आग लग गई। 12 लोगों की मौत हुई है। बाड़मेर जिले के पचपदरा थानान्तर्गत जोधपुर नेशनल हाईवे पर भांडियावास गांव में बुधवार को बस और ट्रक की भिड़ंत हो गई। इससे बस और ट्रक में भीषण आग लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची है। आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। 40 घायलों को पास के नाहटा राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से 13 को जोधपुर रेफर कर दिया गया।
बस बालोतरा से जोधपुर की तरफ जा रही थी। संस्कार स्कूल के पास भांडियावास गांव में बस की ट्रक से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इससे बस और ट्रेलर में भीषण आग लग गई। बस में 10-15 सवारियां होने की बात सामने आ रही है। अचानक आग लगने से बस में बैठी सवारियों में अफरा-तफरी मच गई।
बाड़मेर में हुई बस-ट्रक दुर्घटना के संबंध में जिला कलेक्टर, बाड़मेर से फोन पर वार्ता कर राहत-बचाव कार्यों के संबंध में निर्देशित किया है। घायलों का बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाएगा।
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) November 10, 2021
सूचना मिलने पर पचपदरा थानाधिकारी प्रदीप डांगा मय पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचे। वहीं, बालोतरा और रिफाइनरी से फायर ब्रिगेड की मौके पर पहुंच गई है। फायर ब्रिगेड की टीमें आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं।
