Headlines

धूम-3 की तर्ज पर डूंगरपुर में बैंक लूट, लुटेरे 10-20 रूपये के नोट उड़ाकर हुए रफूचक्कर

डूंगरपुर : जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र के बनकोड़ा गांव में बैंक ऑफ बड़ौदा में दिनदहाड़े लूट की वारदात हुई। पिस्तौल लेकर बैंक में घुसे तीन बदमाशो ने बैंक कर्मचारियों और मौके पर मौजूद लोगों को डराया। साथ ही बैंक में रखे 1 लाख 18 हजार 956 रुपए लूटे। इतना ही नहीं, लूट के बाद बदमाश बाहर निकले और धूम-3 फिल्म की तरह नोट उड़ाते हुए फरार हो गए। लूट की वारदात सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने डूंगरपुर व आसपास के जिलों में नाकाबंदी करवाई है।

दोवड़ा थाना क्षेत्र के बनकोडा की बैंक ऑफ बड़ौदा में दोपहर करीब 3 बजे दो बदमाश पिस्टल लेकर घुसे। बदमाशों का एक साथ बैंक के बाहर बाइक पर इंतजार कर रहा था। बैंक में घुसते ही बदमाशों ने कैशियर मिलन सेठी पर पिस्तौल तान दी। घबराकर कैशियर काउंटर के नीचे छिप गया। बदमाश बैंक में दूसरे काउंटर पर गया तो वहां से भी लोग डरकर भागने लगे। इसके बाद लुटेरों ने काउंटर पर रखे 1 लाख 18 हजार 956 रुपए उठाए और फरार हो गए।

d 1645794964

3 मिनट में बैंक लूटकर बाहर निकले आरोपियों ने जाते हुए 10-20 रुपए के नोट उड़ाए। इसके बाद बाहर बाइक पर मौजूद तीसरे बदमाश के साथ वे फरार हो गए। लूट के दौरान बैंक में 20 से ज्यादा ग्राहक मौजूद थे। वारदात के समय मौजूद बैंक बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट महेंद्र पाटीदार ने बताया कि बदमाशों ने किसी ग्राहक के साथ लूटपाट नहीं की।

घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी अनिल मीणा, डीएसपी नोपाराम भी मौके पर पहुंचे। बैंक व आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी में पूरी वारदात नजर आ रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लुटेरों की तलाश कर रही है। बैंक में लूट के दौरान ब्रांच मैनेजर काशीराम मीणा बैंक के किसी काम से बाहर गए हुए थे। शुक्रवार दोपहर को हुई लूट की घटना की देर शाम तक बैंक की ओर से कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *