जयपुर : राजधानी के जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार देर शाम आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। ये आग अराइवल एरिया में वैल्डिंग मशीन में हुए शॉर्ट सर्किट से लगी। हालांकि मौके पर मौजूद एयरपोर्ट फायर फाइटिंग के कर्मचारियों और वहां मौजूद स्टाफ ने आग पर काबू पा लिया। इस दौरान एक बार तो वहां यात्रियों और स्टाफ में दहशत फैल गई। इस बीच फ्लाइट से आए यात्री जो एयरपोर्ट से बाहर आना चाह रहे थे वे करीब 10 मिनट तक अराइवल हॉल में ही फंसे रहे।
एयरपोर्ट आथोरिटी से मिली रिपोर्ट के मुताबिक टर्मिनल 2 पर बने स्टार वक्स कॉफी शॉप काउंटर पर काउंटर की रिपेयरिंग का काम चल रहा था। इस दौरान वेल्डिंग मशीन में हुए शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी से वहां पड़े बैनर-फ्लैक्स में आग लग गई। आग लगने और धुंआ निकलता देख कर्मचारियों में दहशत फैल गई। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और फायर अलर्ट का अलार्म बज गया, जिसे सुनकर वहां मौजूद यात्री भी घबरा गए।
यात्रियों को पुराने अराइवल गेट से निकाला
आग को देखकर वहां से यात्रियों की आवाजाही को कुछ समय के लिए रोक दिया और बाद में यात्रियों को पुराने अराइवल गेट से बाहर निकाला गया। हालांकि वहां मौजूद फायर शाखा के कर्मचारियों ने टर्मिनल एरिया में लगे फायर फाइटिंग उपकरण से आग पर 10 मिनट में काबू पा लिया। एयरपोर्ट आथोरिटी के अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि या किसी भी यात्री के सामान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। पूरी आग को कुछ देर में काबू पा लिया।
