जयपुर : मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण एवं इससे संबंधित विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और मॉनिटरिंग के लिए स्वायत्त शासन विभाग के तहत एनवायरमेंटल मैनेजमेंट सेल के गठन को मंजूरी दी है। साथ ही इसके लिए 5 नवीन पदों के सृजन तथा 20 विषय विशेषज्ञों की संविदा आधार पर सेवाएं लेने की भी स्वीकृति दी है। प्रस्ताव के अनुसार, नवीन सृजित पदों में अतिरिक्त मुख्य अभियंता एवं अधीक्षण अभियंता का एक-एक पद तथा अधिशाषी अभियंता के तीन पद शामिल होंगे।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने इस वर्ष के बजट में एनवायरमेंटल मैनेजमेंट सेल गठित करने की घोषणा की थी। यह सेल सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2016, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2016, बायो-मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2016, कंस्ट्रक्शन एवं डिमॉलिशन वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2016 तथा ई-वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2016 के साथ ही राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) के द्वारा समय-समय पर दिए जाने वाले पर्यावरण संबंधी आदेशों की पालना सुनिश्चित किए जाने में सहयोग करेगी।
