अजमेर: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) RAS Pre Exam 2021 के परिणाम जारी करने की तैयारियों में जुट गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि 1 दिसंबर से पहले परिणाम जारी हो जाएगा। RPSC अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह यादव का कार्यकाल 1 दिसंबर को खत्म हो रहा हैं। प्रदेश में 27 अक्टूबर को 988 पदों के लिए परीक्षा हुई थी। आयोग एक महीने में ही परिणाम जारी करने की तैयारी में है। RPSC परिणाम जारी करने के अगले 3 महीने में मेंस (मुख्य) परीक्षा का आयोजन कराने की तैयारी कर रहा है।
3 लाख 20 हजार 34 अभ्यर्थीयो ने दी RAS Pre परीक्षा
इस बार राज्य सेवा के 363 और अधीनस्थ सेवा के 625 पद हैं। इसके लिए 6 लाख 48 हजार 181 अभ्यर्थी पंजीकृत हुए थे। इनमें से 3 लाख 20 हजार 34 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए थे। ऐसे में RPSC के कर्मचारी RAS प्री परीक्षा की OMR शीट के मूल्यांकन में जुट गए हैं। इससे पहले RPSC ने 8 से 10 नवंबर तक RAS प्री परीक्षा की आंसर-की जारी कर आपत्तियां मांगी थीं।
कोई समस्या नहीं आई तो रिजल्ट इसी माह : RPSC आयोग
RPSC आयोग के अधिकारियों ने कहा कि किसी प्रश्न पर तकनीकी आपत्ति और बड़ी अड़चन नहीं आई तो RPSC इसी महीने परिणाम जारी कर देगा। रिजल्ट से पहले ही RPSC ने मुख्य परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। विशेषज्ञों से पेपर तैयार कराए जा रहे हैं।
RPSC के नए अध्यक्ष पद को लेकर शुरू हुई चर्चा
भूपेंद्र सिंह यादव के रिटायरमेंट का दिन नजदीक आने से RPSC के नए अध्यक्ष पद पर नए नाम को लेकर भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। वर्तमान DGP एम एल लाठर, IPS बी एल सोनी समेत कई राजनेता भी इस दौड़ में हैं।