अजमेर: शहर में देर रात जमीनी विवाद को लेकर वार्ड 32 के पार्षद आरिफ खान पर जानलेवा हमला किया गया। पूर्व सरपंच प्रत्याशी सहित हथियारों से लैस होकर आए बदमाशों ने पार्षद पर हमला कर दिया। घायल पार्षद को JLN अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। रामगंज थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं इस घटना के बाद से ही अजमेर नगर निगम के पार्षदों में काफी आक्रोश है।
अपने दोस्त कंचन नगर निवासी नफीस के घर से देर रात पार्षद अपने घर की ओर निकले। गाड़ी का दरवाजा खोलते वक्त हथियारों से लैस होकर आए 5 से 6 बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावर मौके से फरार हो गए। इस दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों के देखने पर राजगीर पार्षद को लेकर जेएलएन अस्पताल पहुंचे और उन्हें भर्ती करवाया गया। मामले की सूचना पर पार्षद आरिफ खान के परिजन भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेने के बाद मामले की शिकायत रामगंज थाना पुलिस को दी गई। रामगंज थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वार्ड पार्षद आरिफ खान और पूर्व सरपंच प्रत्याशी फारुख, इलियाय और अन्य लोगों के बीच जमीन का विवाद चल रहा था। वार्ड पार्षद ने आरोप लगाया कि फारुख और उसके अन्य साथी सरकारी जमीन पर कब्जा करने चाहते हैं। लेकिन वार्ड पार्षद द्वारा उन्हें रोकने पर बदमाशों द्वारा उन पर हमला किया गया।
बता दे कि, पुलिस ने देर रात हुई घटना के बाद पूर्व सरपंच प्रत्याशी फारुख और उनके साथी इलियाय और सद्दाम सहित कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। बचे हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।