Headlines

16 साल की युवती की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या

3 nov 1635909411

पाली: पाली जिले के पांचलवाड़ा गांव में मंगलवार शाम को 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा का शव मिला। पुलिस ने रेप की आशंका भी जताई। पोस्टमार्टम के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी कि नाबालिग के साथ रेप हुआ या नहीं। पुलिस के अनुसार पांचलवाड़ा गांव (फालना) में पानी की टंकी के पास टेकरी पर झाड़ियों के बीच 16 साल की एक नाबालिग का शव पड़ा मिला। पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्हें प्रारंभिक जांच में हत्या होना सामने आया। मौके पर पुलिस को नाबालिग के दोनों चप्पल मिली और शव घसीटने के निशान मिले। सिर पर पत्थर से कुचलने के निशान मिले हैं। हत्या का मामला मान पुलिस जांच में जुटी हैं।

सोमवार को बिना बताए निकली थी घर से

पुलिस के अनुसार पांचलवाड़ा गांव में 16 साल की छात्रा 12वीं कक्षा में पढ़ती थी। सोमवार को नाबालिग की मां और भाई किसी काम से बाहर गए हुए थे। सोमवार शाम करीब सात बजे 12वीं की छात्रा अपने दादा को खाना खिला रही थी। इस दौरान उसके मोबाइल पर एक के बाद एक कई कॉल आए। वह बार-बार काटती, लेकिन लगातार कॉल आते रहे। आखिर वह बिना बताए घर से निकल गई। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन पता नहीं चला। मंगलवार शाम को पुलिस को शव मिलने की सूचना मिली। एसपी राजन दुष्यंत ने बताया कि नाबालिग को आखिरी बार किसके साथ देखा गया और वह यहां तक कैसे पहुंची, इसको लेकर जांच की जा रही है। पाली से फॉरेंसिक साइंस लेबारेट्री और डॉग स्क्वायड की टीम को भी मौके पर भेजा गया है। नाबालिग के साथ रेप हुआ या नहीं पोस्टमार्टम के बाद ही इसका खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *