Headlines

कैप्टन अमरिंदर बोले- पंजाब में BJP से सीट शेयरिंग करके लड़ूंगा चुनाव; पीएम मोदी ने किसानों की चिंता समझी

चंडीगढ़ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा तीनों नए कृषि कानून रद्द करने की घोषणा के बाद पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा से सीट शेयरिंग करेंगे। कैप्टन अमरिंदर ने पहले ही कहा था कि जैसे ही कृषि कानून रद्द होंगे और किसान आंदोलन खत्म होगा, तो वे भाजपा के साथ मिलकर चुनावी ताल ठोकेंगे।

पीएम मोदी की घोषणा के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि पंजाब में आज हमारे लिए यह बहुत बड़ा दिन है। मैं इस मामले को एक साल से ज्यादा समय से उठा रहा था। इसको लेकर पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिला। उनसे गुजारिश करता रहा कि वे अन्नदाता की आवाज सुनें। बहुत खुशी है कि उन्होंने किसानों की बात सुनी और हमारी चिंताओं को समझा।

किसानों के विकास के लिए करेंगे काम

कैप्टन ने कहा कि यह सिर्फ किसानों के लिए बड़ी राहत नहीं है, बल्कि पंजाब के आगे बढ़ने के लिए भी रास्ता खुला है। अब वे भाजपा की अगुवाई वाली केंद्र सरकार के साथ किसानों के विकास के लिए काम करेंगे। उन्होंने पंजाब के किसानों से वादा किया कि वे तब तक आराम नहीं करेंगे, जब तक पंजाब के हर एक आदमी की आंखों के आंसू न पोंछ दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *