Headlines

उत्तराखंड के CM तीरथ सिंह रावत ने राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा

IMAGE 1625235608 e1625249586884

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत (Tirath Singh Rawat) ने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने देर रात राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा है, इससे पहले, उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को एक पत्र लिखकर इस्तीफा देने की पेशकश की थी। इसके पीछे की वजह संवैधानिक संकट पैदा होना बताया गया है। राज्य सियासी हलचल के बीच रावत ने जेपी नड्डा से मुलाकात भी की थी। वहीं, देहरादून में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, जब रावत से इस्तीफे पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने चुप्पी साध ली और अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाकर चले गए।

इस्तीफा देकर बोले तीरथ, संवैधानिक संकट के चलते दिया इस्तीफा

इस्तीफे के बाद तीरथ सिंह रावत ने मीडिया से बात करते हुए कहा, मैंने संवैधानिक संकट की वजह से राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया है। राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर सेवाएं देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और जेपी नड्डा का आभार व्यक्त करता हूं।

दोपहर तीन बजे बुलाई गई बैठक

बीजेपी विधायक दल की बैठक देहरादून में शनिवार को दोपहर तीन बजे बुलाई गई है। यह बैठक पार्टी हेडक्वार्टर में होगी। बीजेपी के मीडिया इंचार्ज मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि शनिवार को होने वाली इस बैठक का नेतृत्व उत्तराखंड बीजेपी के अध्यक्ष मदन कौशिक करेंगे। बैठक में सभी विधायकों को उपस्थित रहने के लिए कहा गया है। वहीं, विधायक दल की बैठक के लिए केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को पर्यवेक्षक बनाया गया है, जो कि देहरादून जाएंगे।

अब कौन हो सकता है उत्तराखंड का नया सीएम?

तीरथ सिंह रावत के बाद अब नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर अटकलें लगाई जाने लगी हैं। दो नाम हैं, जो अगले मुख्यमंत्री की रेस में बने हुए हैं, कहा जा रहा कि राजपूत या फिर सिंह जाति से ही अगला मुख्यमंत्री हो सकता है। ऐसे में सतपाल सिंह और धनसिंह रावत के नामों पर चर्चा होने लगी है। हालांकि, यह पहली बार नहीं है कि जब दोनों के नाम मुख्यमंत्री पद के लिए उछला हो, पहले भी इनके नामों की चर्चाएं होती रही हैं।

भाजपा के मुख्यमंत्री के नाम नया रिकॉर्ड

भाजपा के मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में नया रिकॉर्ड बना दिया है। तीरथ सिंह रावत सिर्फ 114 दिन ही मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठे। सदन में बिना प्रवेश किए ही उनके सिर पर मुख्यमंत्री का ताज सजा तो दूसरी ओर, सदन में प्रवेश किए बिना ही उनको पद से हटा दिया गया। भाजपा हाईकमान ने सीएम तीरथ सिंह रावत को उत्तराखंड की कमान पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से लेकर 10 मार्च 2021 को दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *