Headlines

कल से खुलेंगे केदारनाथ के कपाट, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

कल से खुलेंगे केदारनाथ के कपाट, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

रुद्रप्रयागः कोरोना काल के दो साल बाद पहली बार केदारनाथ धाम के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए खोले जा रहे हैं। इसे लेकर स्थानीय लोगों में भी काफी उत्साह है। पूरे विधि-विधान के साथ कल केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इस बीच बाबा केदार की पंचमुखी डोली आज गौरीकुंड से केदारनाथ धाम पहुंच गई है। दो साल बाद बाबा के दर्शन का उत्साह श्रद्धालुओं पर इस कदर छाया है कि हजारों की संख्या में लोग केदारनाथ धाम पहुंच गए। इससे वहां की व्यवस्था चरमरा गई।

केदारनाथ यात्रा को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने को लेकर पुलिस-प्रशासन मुस्तैदी से जुट गया है। केदारनाथ यात्रा में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इस भूमिका को बेहतर तरीके से संचालित करने को लेकर इस बार नये प्लान बनाये गये हैं। इसके अलावा केदारनाथ में 20 सीसीटीवी कैमरों की मदद से हर गतिविधि पर भी पुलिस की नजर बनी रहेगी।

गौरीकुंड से केदारनाथ धाम तक का 21 किलोमीटर का पैदल रास्ता पूरी तरह पैक हो गया है। केदारनाथ धाम में होटलों में कमरे कम पड़ गए हैं। एक-एक कमरे का रेट 10 से 12 हजार रुपए तक जा पहुंचा है। रात गुजारने के लिए टेंट भी नहीं मिल रहे हैं। सिर छिपाने के लिए शेड तक नहीं हैं और लोग भारी ठंड में खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर हैं। खाने-पीने की भी भारी दिक्कत देखी जा रही है।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए गाड़ियों को सोनप्रयाग से आगे नहीं जाने दिया जा रहा है। सोनप्रयाग से 5 किलोमीटर दूर आखिरी पड़ाव गौरीकुंड तक छोटे वाहनों से ही सफर करने की इजाजत है।

केदारनाथ में श्रद्धालुओं के लिए कुल 9 कंपनियां हैली सेवा दे रही है। उड़ान आज से ही शुरू हो गई है। फाटा से हवाई सुविधाओं का संचालन किया जा रहा है। अगर संख्या में तेजी आई तो उड़ानों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *