अयोध्या : अयोध्या में सरयू तट पर स्नान करते वक़्त एक बड़ा हादसा हो गया। एक ही परिवार के 12 लोग सरयू में स्नान करते समय डूब गए। सभी लोगो की खोजबीन में पुलिस और पीएसी के गोताखोरों को लगाया गया है। यूपी सीएम योगी ने भी सरयू नदी पर हुई घटना का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को तत्काल डूबे हुए लोगो को ढूंढने के निर्देश दिए है।
बता दे की ये हादसा सरयू के गुप्तार घाट पर हुआ है। हादसे का शिकार परिवार आगरा के सिकंदराबाद से अयोध्या घूमने आया था। सरयू में डूबे लोगों को बचाने के लिए अधिकारियों की टीम बचाव कार्य में जुटी हुई है। बताया जाता है कि स्नान के दौरान तेज धारा के कारण पहले दो लोग बहे। इसके बाद एक दूसरे को बचाने के चक्कर में 12 लोग बह गए। लोगों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस प्रशासन को मामले की जानकारी दी।
सरयू तट की घटना की जानकारी मिलते ही खलबली मच गई। अधिकारियों का दल मौके पर पहुंच गया। गोताखोरों को तत्काल सरयू में उतारा गया। पीएसी के गोताखोरों को भी बुलाया गया है। एनडीआरएफ को भी बुलाने की बात कही जा रही है। घाट के किनारे बड़ी संख्या में पुलिस और प्रशासन के लोग पहुंच गए हैं। फिलहाल बहे लोगों में से किसी के बारे में पता नहीं चल सका है।
बताया जा रहा है कि परिवार के 15 लोग स्नान कर रहे थे। इसमें से तीन तैरकर बच गए हैं। बचे लोगों की हालत भी बदहवास की तरह है। फिलहाल आसपास के मल्लाहों और केवटों को लगाया गया है। SSP सर्वेश पांडेय खुद नाव पर बैठकर मौके का मुआयना कर रहे हैं। वहां मौजूद लोगों से पुलिस बातचीत कर रही है।
