लखनऊ : उत्तर प्रदेश के चुनावी मैदान में शनिवार से केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी नेता अमित शाह ने प्रचार की शुरुआत की। अमित शाह ने कैराना से अपने डोर टू डोर कैम्पैन को शुरू किया और खुद बीजेपी के पर्चे लोगों को बांटे। इस दौरान वो चंद नेताओं के साथ लोगों के घर घर पहुंच रहे हैं और वोट मांग रहे हैं।
सीएम योगी का अलीगढ़ में प्रचार रद्द
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आज अलीगढ़ में डोर टू डोर कैम्पेन कर बीजेपी के लिए वोट मांगने थे, लेकिन उनका आज का प्रचार कार्यक्रम रद्द हो गया है। हालांकि अमित शाह कैराना में घर घर जा रहे हैं। दरअसल कोरोना संक्रमण के चलते चुनाव आयोग ने रैलियों-रोड शो और किसी भी तरह की जनसभाओं पर रोक लगाई हुई है। हालांकि आयोग ने पांच लोगों को घर घर प्रचार करने की अनुमति दी है।
पलायन कर वापस लौटने वालों से करेंगे मुलाकात
अमित शाह आज अपने चुनावी कैम्पेन के दौरान उन लोगों से भी मुलाकात करेंगे, जिन्होंने यहां से पलायन किया था और बाद में लौट आए। आज सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रचार रथ के उद्घाटन के दौरान भी पलायन के मुद्दे का ज़िक्र किया। उन्होंने कहा कि साल 2017 के पहले प्रदेश में व्यापारी और अन्य लोग पलायन करते थे, लेकिन 2017 के बाद अपराधी पलायन कर रहे हैं।
