नई दिल्ली : राज्यसभा में पेगासस खुलासे पर गुरुवार को एक बार फिर से जोरदार हंगामा देखने को मिला और नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। इसके बाद मार्शल को बीच-बचाव के लिए आना पड़ा. जिस वक्त सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव राज्यसभा में अपना बयान पढ़ रहे थे, उसी दौरान तृणमूल कांग्रेस सांसद शांतनु सेन ने उनके हाथ से पेपर लेकर फाड़ दिया।
इधर, टीएम सांसद के इस व्यवहार की बीजेपी के नेताओं की कड़ी निंदा की है। बीजेपी के राज्यसभा सदस्य स्वप्न दासगुप्ता ने कहा कि ऐसा लगता है कि विपक्ष के कुछ लोग खासकर टीएमसी के सांसद खड़े हुए और जिस वक्त आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव पेगासस के मुद्दे पर बोल रहे थे तो उन्होंने पेपर लेकर फाड़ दिया। यह पूरी तरह से अनुचित व्यवहार है।
दिन भर के लिए स्थगित की कार्रवाई
दो बार के स्थगन के बाद दोपहर दो बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही आरंभ हुई, उपसभापति हरिवंश ने बयान देने के लिए वैष्णव का नाम पुकारा। इसी समय, तृणमूल कांग्रेस और कुछ विपक्षी दल के सदस्य आसन के समीप आ गए। उन्होंने नारेबाजी आरंभ कर दी और संभवत: मंत्री के बयान की प्रति फाड़ कर उसके टुकड़े हवा में लहरा दिए। केंद्रीय मंत्री वैष्णव हंगामे और शोरगुल के कारण अपना बयान पूरा नहीं पढ़ सके। लिहाजा उन्होंने इसे सदन के पटल पर रख दिया। उपसभापति हरिवंश ने हंगामा कर रहे सदस्यों से असंसदीय व्यवहार ना करने का अनुरोध किया लेकिन जब उनकी एक ना सुनी गई तो उन्होंने सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी।
