नई दिल्ली। राजस्थान को कोरोना से निपटने के लिए पर्याप्त मदद की मांग को लेकर आज सुबह दिल्ली गए मंत्रियों ने केंद्रीय मंत्रियों व नेताओ के साथ हुई वार्ता को सकारात्मक बताया तथा उम्मीद जताई की आने वाले दिनों में ऑक्सीजन व दवा आदि की सप्लाई में सुधार दिखाई देगा।
राजस्थान से दिल्ली गए तीन मंत्रियों में से चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने आज शाम बताया कि
केंद्र से ऑक्सीजन, रेमेडिसिवर आदि की आपूर्ति को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई है। हमे उम्मीद है कि केंद्र सरकार आने वाले समय में हमारी मदद करेगी। आज जो स्थिति है उसे समय रहते नियंत्रित किया जा सकेगा। डॉ. रघु शर्मा के साथ नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल व ऊर्जा मंत्री बीडी कल्ला भी अधिकारियों का दल ले दिल्ली पहुंचे हैं।
राजस्थान से आए मंत्रियों के समूह ने दिल्ली पहुंचते ही सबसे पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला से मुलाकात की। बताते हैं कि बिड़ला मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से भी लगातार संपर्क में हैं व जो आवश्यक मदद केंद्र से हो रही है वह करवा रहे हैं।
बिड़ला से मुलाकात के बाद केंद्रीय मंत्री मनसुख एल. मांडविया से मुलाकात की। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लगभग 50 मिनट तक चर्चा हुई उन्हें भी राजस्थान की आवश्यकताओ से अवगत करवाया गया। दिन में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी फ़ोन पर बात की थी।