अमृतसर: पंजाब कांग्रेस प्रधान सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने कैप्टन अमरिंदर सिंह को अमृतसर ईस्ट से सिद्धू के खिलाफ चुनाव लड़ने का खुला चैलेंज दिया है। नवजोत कौर ने यहां तक कहा कि कैप्टन की टीम को ठहराने से लेकर उनके खाने तक का इंतजाम उनकी तरफ से होगा। बता दे कि नवजोत कौर ने अमरिंदर सिंह के अगले चुनाव में सिद्धू को न जीतने देने के बयान पर पहली बार यह प्रतिक्रिया दी।
नवजोत कौर ने अमरिंदर सिंह के सिद्धू को देश विरोधी कहे जाने वाले बयान पर भी कड़े तेवर दिखाए। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा होता तो सिद्धू देश के लिए नहीं खेलते। वे क्रिकेटर के तौर पर पाकिस्तान गए थे और संयोग से करतारपुर कॉरिडोर खुलने का रास्ता बन गया। सिद्धू को वहां मिला सम्मान कैप्टन को बर्दाश्त नहीं हो रहा है। पाकिस्तान से कोई नाता रखने की बजाय पाकिस्तानी को घर में रखना ज्यादा खतरनाक है। उन्होंने इशारों में पाकिस्तानी महिला पत्रकार अरुसा आलम से कैप्टन की दोस्ती पर सवाल खड़े किए।
अकाली भी खत्म नहीं कर पाए सिद्धू को
नवजोत कौर ने कैप्टन अमरिंदर पर निशाना सड़ते हुए कहा कि अकाली दल ने भी सिद्धू को खत्म करने की कोशिश की थी, लेकिन कामयाब नहीं हुए। अकालियों ने सिद्धू का टिकट कटवाकर अरुण जेटली को अमृतसर से चुनाव लड़वाया। अमृतसर के लोगों ने सिद्धू के साथ हुई नाइंसाफी का बदला लिया और जेटली चुनाव हार गए।
चिट्ठी पंजाब के लोगो के वादों को पूरा करने का जरिया
पंजाब के मुद्दों पर हाईकमान को चिट्ठी के मुद्दे पर नवजोत कौर ने कहा कि यह सिर्फ पंजाब के लोगों से किये वदो को पूरा करने का जरिया है। वे यह न सोचें कि CM बदलने के बाद सिद्धू उनके वादे भूल गए। कांग्रेस हाईकमान को भी इसके बारे में पता है। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी यही गलती की कि सरकार कांग्रेस की बनी, लेकिन जनप्रतिनिधि सब अकालियों के लगे रहे।
