Headlines

पंजाब चुनाव : टिकट बंटवारे को लेकर राजेवाल और चढ़ूनी ग्रुप में ठनी

चुनाव

चंडीगढ़ : पंजाब में किसानों के बीच टिकट बंटवारे को लेकर झगड़ा हो गया है। हरियाणा के किसान नेता गुरनाम चढ़ूनी 25 चुनाव टिकट मांग रहे हैं, जबकि किसान नेता बलबीर राजेवाल की अगुआई वाले पंजाब के 22 किसान संगठन उन्हें सिर्फ 9 टिकट देने को तैयार हैं। इसको लेकर राजेवाल और चढ़ूनी ग्रुप में ठन गई है। पंजाब के 22 संगठनों के नेता रूल्दू सिंह मानसा ने कहा कि चढ़ूनी की एक यूनियन है। उस लिहाज से उन्हें टिकट दी जा रही हैं। इसमें किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।

वहीँ, चढ़ूनी ग्रुप के प्रिंस वड़ैच ने कहा कि उनकी अलग संयुक्त संघर्ष पार्टी है। ऐसे में वह पंजाब के किसान संगठनों के संयुक्त समाज मोर्चा से गठजोड़ कर रहे हैं। उनके साथ और भी यूनियन जुड़ी हुई हैं। वह भी पार्टी से टिकट चाहती हैं। इस घमासान का अभी अंत होता नजर नहीं आ रहा।

आप से बात न बनी तो अकेले मैदान में किसान

पंजाब के किसान संगठन आम आदमी पार्टी से मिलकर चुनाव लड़ना चाहते थे। यह बात कई बार बलबीर राजेवाल ने भी कही कि उनका आप से गठजोड़ हो सकता है। बुधवार को आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मोहाली में कहा कि जब राजेवाल उनके पास आए तो 90 टिकटें दी जा चुकी थीं। राजेवाल 60 टिकट मांग रहे थे, जो उस वक्त संभव नहीं था। मैंने 10 से 15 सीटों की ऑफर दी थी, इसलिए बात नहीं बनी।

हमें 25 सीटें दे, वरना सभी सीटों पर उतारेंगे उम्मीदवार : चढ़ूनी

हरियाणा के किसान नेता गुरनाम चढ़ूनी ने कहा कि आंदोलन खत्म होने के बाद राजेवाल ने चुनाव में हिस्सा लेने की सलाह बनाई। इस बारे में मुझसे कोई बात नहीं की गई। माझा इलाके के 6 संगठन हमारे साथ हैं। यह हमें मजबूर कर रहे हैं और वाजिब सीटें नहीं दे रहे। राजेवाल ग्रुप हमें 25 सीटें दे, वरना हम सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *