मुंबई: मानहानि मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट के फैसले से पहले एनसीपी नेता नवाब मलिक ने एक और धमाका किया है। ताजा मामले में आधी रात मलिक ने वानखेड़े के खिलाफ एक बड़ा ‘बम’ फोड़ते हुए एक ऐसी तरवीर साझा की है जिसे झुठलाना समीर वानखेड़े और उनके परिवार के लिए मुश्किल नजर आ रहा है। महाराष्ट्र के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री नवाब मलिक द्वारा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के जोनल डायरेक्ट समीर वानखेड़े के खिलाफ लगाए आरोपों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है।
तस्वीर में वानखेड़े जालीदार टोपी पहने हुए एक मौलाना के साथ चर्चा करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस फोटो में वह एक कागज पर दस्तखत करते हुए दिखाई दे रहे हैं, नवाब मलिक ने इस फोटो के साथ लिखा सिर पर टोपी, कबूल है, कबूल है, कबूल है… ये तूने क्या क्या किया समीर दाउद वानखेड़े? नवाब मलिक द्वारा दिए गए फोटो के कैप्शन से साफ है कि वह इस फोटो को समीर वानखेड़े के निकाह की तस्वीर बता रहे हैं। इसीलिए, उन्होंने इसमें “कबूल है, कबूल है, कबूल है” लिखा है।
नवाब मलिक का दावा है कि यह फोटो एनसीबी अधिकारी नवाब मलिक के निकाह की है। दरअसल, कुछ दिन पहले मलिक ने समीर वानखेड़े पर मुस्लिम होने के आरोप लगाए थे, उन्होंने कहा था कि समीर वानखेड़े मुस्लिम पैदा हुए थे, उनका पूरा नाम समीर दाऊद वानखेड़े हैं, लेकिन उन्होंने अपने धर्म को छुपाकर आरक्षण का लाभ लेते हुए गलत तरीके से नौकरी हासिल की है।
Photograph of Sameer Dawood Wankhede signing his ‘Nikah Nama’ pic.twitter.com/lSQz56RqoW
— Nawab Malik نواب ملک नवाब मलिक (@nawabmalikncp) November 22, 2021
वानखेड़े का निकाह पढ़ाने वाले मौलाना मुजम्मिल अहमद ने क्या कहा ?
मौलाना मुजम्मिल अहमद ने बताया कि मुस्लिम कानून के मुताबिक निकाह के लिए जरूरी है कि होने वाले पति-पत्नी दोनों ही मुस्लिम हों। वानखेड़े ने निकाह किया इसका मतलब ये हुआ कि उन्होंने खुद को मुस्लिम बताया। वानखेड़े का निकाह मौलाना मुजम्मिल अहमद ने पढ़ाया है। उन्होंने भी मीडिया से यही कहा कि समीर वानखेड़े मुस्लिम हैं और निकाह के वक्त भी उन्होंने खुद को मुस्लिम ही बताया था। उस वक्त उनका पूरा परिवार मुस्लिम ही था। अगर लड़का-लड़की मुस्लिम नहीं होते तो शरीयत के मुताबिक निकाह नहीं हो सकता।
बेटी भी कूदी जंग में
नवाब मलिक के बाद उनकी बेटी निलोफर मलिक खान भी इस जंग में कूद चुकी हैं। एक दिन पहले ही उन्होंने समीर वानखेड़े के निकाह का कार्ड और मैरिज सर्टिफिकेट साझा किया था। उनका दावा था कि यह दोनों दस्तावेज समीर वानखेड़े से जुड़े हैं। यह खुलासा उन्होंने वानखेड़े की पत्नी क्रांति रेडकर के द्वारा नवाब मलिक पर किए गए हमले के बाद किया था।
बॉम्बे हाईकोर्ट में चल रहा है मामला
नवाब मलिक के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट में मानहानि मामला लंबित है। इस मामले में दो से तीन बार सुनवाई हो भी चुकी है। दरअसल, नवाब मलिक के द्वारा समीर वानखेड़े पर लगाए गए आरोपों के बाद वानखेड़े के पिता ज्ञानदेव वानखेड़े ने बॉम्बे हाईकोर्ट में मानहानि मामला दर्ज कराया था। इस मामले में उन्होंने पहले प्रेसवार्ता आयोजित कर कहा था कि जब मैं पैदाइशी हिंदू हूं और दलित परिवार में पैदा हुआ हूं, तो मेरा बेटा मुस्लिम कैसे हो सकता है।
