शिमला : कालका से शिमला हैरिटेज रेलवे ट्रैक पर चलने वाली रेल डिरेल हो गई। इस हादसे में हालांकि किसी को कोई चोट नहीं आई है, लेकिन इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही ठप हो गई है। ये घटना हिमाचल प्रदेश के सोलन में हुई है।
रेलवे के अनुसार लगातार हो रही बारिश और इसकी वजह से ट्रैक पर गिर रहे पत्थरों की वजह से कालका से शिमला हैरिटेज रेलवे ट्रैक पर चलने वाली रेलकार पटरी से उतर गयी है। कुम्हारहट्टी और बड़ोग के बीच टनल नंबर 33 के पास जंगल में रेलकार के दो चक्के पटरी से उतर गए। हालांकि ड्राइवर की सूझबूझ से रेलकार पलटने से बच गई वरना यात्री जख्मी और घायल हो सकते थे।
यात्रा के दौरान रेलकार में 9 यात्री ही सवार थे। बता दें कि कोरोना और लॉकडाउन की वजह से इस रूट पर कम लोग ही ट्रेन में सवार हो रहे है। इस हादसे के बाद फिलहाल शिमला की ओर जाने वाली सभी ट्रेनों को रोक दिया गया है। रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंच घटना का मुआयना कर रहे है।
जानकारी के अनुसार रेलकार यात्रियों को लेकर सुबह करीब पांच बजे कालका से शिमला की ओर चली थी। यह ट्रेन कुमारहट्टी से 6:55 बजे बड़ोग के लिए निकली थी। जैसे ही यह रेलकार सुबह 7 बजकर 5 मिनट पर 33 नंबर बड़ोग टनल के समीप पहुंची तो डिरेल हो गई।
