ऊना : हिमाचल प्रदेश के ऊना की गोबिंद सागर झील में सोमवार को 7 युवक डूब गए। सभी युवक पंजाब के मोहाली जिले के रहने वाले थे। हादसा दोपहर करीब साढ़े 3 बजे हुआ। गरीबनाथ मंदिर के पास झील में पहले एक युवक डूबा और फिर बाकी 6 उसको बचाने के लिए पानी में कूदे, लेकिन वह भी बाहर नहीं आ सके। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे गोताखोरों ने सातों के शव बरामद कर लिए हैं। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए रीजनल अस्पताल ऊना भेज दिया गया है।
पंजाब के मोहाली से 11 लोग नैनादेवी के दर्शन के लिए आए थे। दर्शन करने के बाद बाबा बालक नाथ मंदिर के दर्शन के लिए निकले। सभी दोपहर साढ़े 12 बजे बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंच गए। दर्शन के बाद गोबिंद सागर झील में एक युवक नहाने उतरा, जो गहरे पानी में जाकर डूबने लगा। डूबता देख बाकी 6 युवक भी उसे बचाने के लिए झील में कूद गए। बरसात से इन दिनों झील में पानी ज्यादा है, जिसका वह अंदाजा नहीं लगा सके और स्वयं भी डूबने लगे।
इन 7 लड़कों को डूबता देख कोई पानी में जाने का साहस नहीं कर पाया। इस दौरान 4 बाकी साथियों ने शोर मचाया। जिसके बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर इकट्ठे हुए। स्थानीय तैराकों ने झील में डूबे युवकों को ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। फिर राहत और बचाव के लिए गोताखोर भी पहुंचे। 6 बजे जाकर शवों को निकाला जा सका।
DSP हेडक्वार्टर कुलविंदर सिंह ने बताया कि अन्य 4 युवकों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। झील में डूबने वालों में पवन (35) पुत्र सुरजीत राम, रमन कुमार (19) पुत्र लाल चंद, लाभ सिंह (17) पुत्र लाल चंद, लखवीर सिंह (16) पुत्र रमेश लाल, अरुण कुमार (14) पुत्र रमेश कुमार, विशाल कुमार (18) पुत्र राजू, शिवा (16) पुत्र अवतार सिंह शामिल हैं। सभी बनूड के रहने वाले हैं।